बोकारो। देश का बंटवारा सिर्फ कुर्सी की खातिर हुआ है। अन्यथा देश नहीं बंटता। आज फिर धर्म के नाम पर देश को बांटने वाले दिल्ली की गद्दी पर बैठ चुके हैं। लेकिन हम सभी धर्मनिरपेक्ष पार्टियां अब एकजुट होकर देश को बंटने नहीं देंगे। इसके लिए 22 दिसंबर का दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया जाएगा। यह बातें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सिवनडीह स्थित कर्बला मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा में कही।
उन्होंने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि हम चाय बेचते थे। तो क्या हम गाय और बकरी चराते थे? हमने भी चाय के साथ लंबा वाला बिस्कुट बेचा है। इस देश की आजादी में जितना योगदान हिंदुओं का है, उतना ही योगदान मुसलमानों का भी है। मोदी जी ने चुनाव के पहले कहा था कि हम प्रत्येक वर्ष दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देंगे। लेकिन गद्दी पर बैठते ही उन्होंने एक वर्ष तक के लिए सभी तरह की नियुक्तियां बंद कर दी। अमेरिका में जो भारतीय पूंजीपति रहते हैं वे ही वहां मोदी-मोदी चिल्लाते हैं। इसलिए सभी मुसलमान भाइयों से अपील है कि वे अपने वोट को बंटने नहीं दें।
लालटेन छाप पर बटन दबाकर हमारे प्रत्याशी अवधेश सिंह यादव को विजयी बनाएं। इस मौके पर अरशद अली, नाजिर अहमद, राजाबाबू अंसारी, मनवर अंसारी, सरफुद्दीन अंसारी, सुगन सिंह यादव, व्यास कुमार प्रसाद, सत्येंद्र यादव, सुरेंद्र यादव आदि मौजूद थे।
कई क्षेत्रों में चला जनसंपर्क : राजद की ओर से कुर्मीडीह, रेलवे स्टेशन, बालीडीह, गाेल मार्केट आदि जगहों पर जनंसपर्क अभियान चलाया गया। इस मौके पर प्रत्याशी अवधेश सिंह यादव, नित्यानंद तिवारी, रज्जाक, मल्लिक, शंकर राम, जितेंद्र राम, मोहन गुप्ता अशोक गुप्ता आदि साथ में थे।
(सभा को संबोधित करते लालू प्रसाद यादव। )