मृत कर्मी के आश्रित को मिले नौकरी
जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी के नेतृत्व में सेक्टर छह अनुरक्षण केंद्र में कार्यरत स्वर्गीय सुकरा मुंडा के आश्रित के नियोजन की मांग को लेकर शुक्रवार से ही अनुरक्षण केंद्र कर्मी मजबूती से अड़े हुए हैं।
इस दौरान महामंत्री चौधरी ने कहा कि जल्द से जल्द प्रबंधन उनके पुत्र को नियोजन दे, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। सेक्टर छह सिविल विभाग में कार्यरत सुकरा मुंडा 18 सितंबर को अपनी डयूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से विश्वकर्मा मंदिर के समीप बेहोश होकर गिर गए। किसी अज्ञात व्यक्ति से सूचना मिलने के बाद सेक्टर चार थाना पुलिस ने उन्हें तत्काल बीजीएच पहुंचा दिया। 19 सितंबर की सुबह उनकी मौत हो गई। उस समय से उनका शव मोर्चरी में रखा हुआ है। सभी अनुरक्षण केंद्र कर्मी उनके आश्रित को नियोजन की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। इस मौके पर आरएन राकेश, महावीर मांझी, धन्नंजय कुमार, आर कुमार, डी. दास, एस पूर्ति, सिकंदर, निरंजन कुमार, आईएच अंसारी, बीएन मिश्रा, डीके मिश्रा, एस ओझा, सुचांद महतो आदि मौजूद थे।
अनुरक्षण केंद्र के कर्मचारी अपनी मांग पर हैं अडिग, अब करेंगे उग्र आंदोलन
नगर सेवा भवन में जमे अनुरक्षण केंद्र के कर्मी।