हर रोग की दवा है योग में : डीईओ
हररोग की दवा योग में है। योग के माध्यम से हर क्रिया को वश में किया जा सकता है। यह कहना है जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव लोचन का। वे चास कस्तूरबा विद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय युवा सशक्तीकरण शिविर के समापन में बोल रहे थे। इसका आयोजन यश संस्था ने किया था। डीईओ ने कहा कि योग की जानकारी हर इंसान को होनी चाहिए। शिविर में कक्षा नौ से 12 तक की लगभग एक सौ छात्राओं ने हिस्सा लिया। उन्हें ध्यान, साधना, प्राणायाम, योग एवं सुदर्शन क्रिया के माध्यम से आत्मविश्वास, एकाग्रता और नेतृत्व का गुण बताया गया। छात्राओं को खेल खेल के माध्यम से विपरीत परिस्थितियों से कैसे निपटें, यह जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं ने गीत, नृत्य और भजन की अलग अलग प्रस्तुति दी। छात्राओं को प्रशिक्षक दीपक और पुष्पलता ने प्रशिक्षण दिया। मौके पर आर्ट ऑफ लिविंग के प्रकाश, किरण, अभय, परमेश्वर, विद्यालय की वार्डन दीपाली कुमारी, शिक्षिका चंदा आदि उपस्थित थे।