बोकारो। चास प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को पंचायत समिति सदस्यों ने जमकर बवाल काटा। लगभग दो घंटे तक प्रखंड कार्यालय में हंगामा होता रहा। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रखंड में भारी तनाव देखा गया। पंचायत समिति के सदस्य बीडीओ विजयेंद्र कुमार के साथ मारपीट करने पर उतारू थे। पंचायत समिति की महिला सदस्य तो काफी उग्र थीं।
जेएसएस विवेकानंद चौधरी और अन्य कर्मचारी उन्हें रोक पाने में विफल रहे, तब पुलिस को सूचना दी गई। चास थाना प्रभारी सहित काफी संख्या में पुलिस के जवानों ने आकर मामले को संभाला, लेकिन इससे पहले सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी कर दी थी। सूचना पाकर जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह और एसडीओ श्याम नारायण राम भी प्रखंड कार्यालय पहुंचे।
क्या है मामला
पंचायत समिति सदस्यों का आरोप है कि पूर्व में 13वें वित्त आयोग की राशि के तहत बीडीओ ने चहेते पंचायत समिति सदस्यों को मनमाने तरीके से ज्यादा योजनाएं दे दी। वहीं अधिकतर पंचायतों में एक भी योजना नहीं दी गई। इस मामले को लेकर 24 से 27 सितंबर 2014 तक सदस्यों ने धरना भी दिया था। मामले की एसडीओ ने जांच कर डीसी को रिपोर्ट सौंप दी, लेकिन डीसी ने अब तक बीडीओ पर कोई कार्रवाई नहीं की।
सबको मिलेगी बराबर की हिस्सेदारी : मिहिर
पंचायत समिति सदस्यों से वार्ता के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह और एसडीओ श्याम नारायण राम ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई हो रही है। बीडीओ से डीसी ने स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई होगी। जिप अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सभी पंचायतों में समान रूप से योजनाएं ली जाएंगी।
जिस पंचायतों में पहले दो से ज्यादा योजनाएं ली गई हैं, वहां इस बार योजना नहीं ली जाएगी, जिन पंचायतों को एक भी योजना नहीं मिली है, वहां योजनाएं ली जाएंगी। इसके बाद आंदोलन वापस ले लिया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि माथुर मंडल, पंचायत समिति सदस्य अशोक महतो, सरीता देवी, ममता देवी, पंचमी देवी, पलानी देवी, रीना देवी आदि मौजूद थे।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ प्रखंड कार्यालय
एसडीओ और जिप अध्यक्ष के हस्तक्षेप से मामला सुलझा।