बोकारो। चास थाना क्षेत्र में कर्ज के बोझ से दबे एक कपड़ा दुकान में काम करने वाले व्यक्ति ने गुरुवार को अपनी इहलीला समाप्त कर ली। वह गुजरात कालोनी के भोजपुर कालोनी का रहने वाला था। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
मृतक का नाम दिलीप साव (30) है। इस संबंध मिली जानकारी के अनुसार मृतक ने अपनी जमीन गिरवी रखकर कर्ज लिया था। इसके अलावा उसने अन्य लोगों से भी करीब 30 से 40 हजार रुपए का कर्ज ले रखा था।
वह आर्थिक रूप से काफी तंग था। लोग अक्सर उससे अपने पैसों को लेकर तकादा करने के लिए आते रहते थे। इससे वह काफी परेशान रहा करता था। आखिरकार तंग आकर उसने गुरुवार की दोपहर अपने घर के छत की कड़ी से गमछा लगाकर फांसी लगा अपनी इंहलीला समाप्त कर ली। उसके आत्महत्या करने से आसपास के लोग काफी सकते में हैं।
अपराधी गिरफ्तार
कसमार| कसमार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कुख्यात अपराधी शहजान अंसारी को पकड़ने में सफलता पाई है। सूत्रों ने बताया कि उसे कसमार थाना क्षेत्र के उसके गांव मंजूरा से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ बाेकारो के जरीडीह, कसमार, बीटीपीएस, दुग्धा आदि थानो में डकैती, चोरी, लूट आदि के कई मामले दर्ज हैं।
चार साल पहले भी जरीडीह पुलिस ने उसे पकड़ा था। बोकारो से बंगाल तक उसकी तूती बोलती थी। वह अक्सर अपराध करने के बाद अपने ससुराल गर्री, कसमार आदि जगहों पर छिप जाता था। गिरफ्तारी करने गई टीम का नेतृत्व कसमार थाना प्रभारी चंद्रभान राम ने किया।