चास में सीवरेज और अंडर ग्राउंड केबल की व्यवस्था
चासमें ओपन नालियों के बदले अंडर ग्राउंड सीवरेज सिस्टम बनेगा और बिजली के लटकते तारों को हटा अंडर ग्राउंड पावर केबल प्रणाली होगी। इसके लिए एक निजी कंपनी ने सर्वे कर रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। नगर निगम की ओर से अब इसके लिए डीपीआर बनवाया जा रहा है। नगर विकास विभाग की ओर से कहा गया है कि जो नया डीपीआर बने, उसमें 35 वार्डों को ध्यान में रखा जाए। चास की जनसंख्या को देख तैयारी हो। निगम की ओर से 100 करोड़ रुपए में अंडर ग्राउंड सीवरेज सिस्टम और 60 करोड़ में अंडर ग्राउंड पावर केबल प्रणाली के लिए डीपीआर तैयार करवाया जा रहा है।
चास शहर की फाइल फोटो।
^मेयर भोलू पासवान ने कहा है कि चास नगर निगम क्षेत्र में अंडर ग्राउंड सीवरेज सिस्टम और अंडर ग्राउंड पावर केबल प्रणाली के लिए डीपीआर बनवाया जा रहा है। सरकार से स्वीकृति मिलते ही बोर्ड की बैठक में इसे पारित कराकर काम शुरू करा दिया जाएगा।
यह होगा फायदा
चासमें खुली नालियां हैं जो कूड़े-कचरे से बराबर भर जाती हैं। नाली जाम रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है। जाम के कारण नाली का गंदा पानी सड़क पर जाता है। ऐसे में अंडर ग्राउंड सीवरेज सिस्टम से इन समस्याओं से निजात मिलेगी। वहीं बिजली के झूलते तार बरसात में या आंधी आने पर टूटकर गिर जाते हैं, जिससे पावर कट की समस्या होती है। टोका फंसाकर बिजली की चोरी होती है वह भी रुकेगी।