अध्यक्ष की बीएसएल अफसरों संग अंत:क्रिया
सेलअध्यक्ष सीएस वर्मा 15 सितम्बर को पूर्वाह्न बोकारो पहुंचे। उनके साथ निदेशक (तकनीकी) एसएस महंती तथा निदेशक (परियोजना एवं बिजनेस प्लानिंग) टीएस सुरेश भी बोकारो पहुंचे। वर्मा के बोकारो आगमन पर बीएसएल के सीईओ अनुतोष मैत्रा, डीआईजी (सीआईएसएफ) विनयतोष मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वर्मा को हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ जवानों द्वारा गार्ड आफ आनर भी दिया गया। अपने बोकारो दौरे के क्रम में वर्मा ने सर्वप्रथम संयंत्र का दौरा कर कोक अवन बैटरी संख्या-3 एवं 7, आरएमएचपी, ब्लास्ट फर्नेस संख्या 2, एचएमडीएस, बायलर-9, सीसीएस, हाट स्ट्रिप मिल तथा सीआरएम-3 जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने संयंत्र दौरे के दौरान बीएसएल के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं से भी भेंट की। अपराह्न बोकारो निवास में वर्मा ने महंती एवं सुरेश की उपस्थिति में बीएसएल के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मैत्रा के साथ-साथ बीएसएल के अधिशासी निदेशक गण, डीआईजी (सीआईएसएफ) विनयतोष मिश्रा, बीपीएससीएल के सीईओ अारएस भार्गव, बीएसएल के महाप्रबंधगण एवं विभागाध्यक्ष तथा अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मैत्रा को संयंत्र की उत्पादन संबंधित जानकारी तथा विभिन्न परियोजनाओं में हुई प्रगति से अवगत कराया गया। इसके पश्चात मानव संसाधन विकास केन्द्र में बीएसएल कर्मियों के एक समूह के साथ वर्मा के अंतःक्रिया के एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपने संक्षिप्त दौरे के समापन पर वर्मा 16 सितम्बर को पूर्वाह्न बोकारो से रवाना होंगे।