- Hindi News
- संयंत्र को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएं : सेल अध्यक्ष
संयंत्र को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएं : सेल अध्यक्ष
बोकारोदौरे पर आए सेल अध्यक्ष सीएस वर्मा ने बीएसएल कर्मियों के साथ आयोजित अंतःक्रिया के कार्यक्रम के दौरान उन्हें सामूहिक प्रयास द्वारा संयंत्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में सेल के निदेशक (तकनीकी) एसएस महंती, निदेशक (परियोजनाएं एवं बिजनेस प्लानिंग) टीएस सुरेश, बीएसएल के सीईओ अनुतोष मैत्रा, अधिशासी निदेशक एवं महाप्रबंधकगण समेत बड़ी संख्या में बीएसएल कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए वर्मा ने कहा कि मैत्रा के नेतृत्व में बीएसएल ने विगत महीनों में निष्पादन के स्तर में समग्र रूप से बेहतरी दर्ज की है। उन्होंने कर्मियों को आने वाले समय में प्रदर्शन के स्तर को निरंतर बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने इस्पात बाजार में सेल की हिस्सेदारी कों बढ़ाने तथा इस्पात बाजार में सेल के नेतृत्व को पुनःस्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस्पात उद्योग में बढ़ती प्रतिस्पर्धा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कर्मियों को ग्राहक संतुष्टि के सभी मानकों, विशेषकर उत्पादों की गुणवत्ता तथा सामयिक डिलिवरी के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। मानव संसाधन विकास की महत्ता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कर्मियों को अपने कार्यप्रणालियों में और अधिक दक्षता हासिल करने का सुझाव दिया। सेल अध्यक्ष ने कहा कि सेल संयंत्रों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और सेल इकाइयां एक-दूसरे के अनुभवों से लाभान्वित हो रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मियों के प्रश्नों के उत्तर देने के क्रम में उन्होंने बीएसएल के कोक अवन विभाग के निष्पादन में हाल के दिनों में आई बेहतरी की सराहना भी की।
मंचासीन अधिकारी और उपस्थित बीएसएल कर्मी।