बोकारो | श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति सेक्टर 12 में इस वर्ष भी काफी आकर्षक पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। पंडाल का स्वरूप चेन्नई स्थित रामकृष्ण मठ के जैसा होगा। पंडाल की ऊंचाई 70 तथा चौड़ाई 75 फीट होगी। पंडाल को बनाने में गिरिडीह के मो. अनवर के नेतृत्व में लगभग दो दर्जन कारीगर दिन रात मेहनत कर रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह ने बताया कि इस बार प्रतिमा भी काफी आकर्षक होगी। जिसे राधागांव के कारीगर गणेश कर्मकार बना रहे हैं। मेले को रंग-बिरंगे बिजली के लट्टुओं से सजाया जाएगा। वहीं चोरी, छिनतई से बचने के लिए पंडाल के अंदर और बाहर दोनों ही जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा मेले में आकर्षक झूले लगवाए जा रहे हैं। आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र भी लगे रहेंगे।
थाना मोड़ पर रहेगी विद्युत चालित प्रतिमा : इस बार सेक्टर तीन स्थित थाना मोड़ में माता दुर्गा सहित सभी देवी-देवताओं की विद्युत चालित प्रतिमाएं लोगों को सहज अपनी ओर आकर्षित करेंगी। इस संबंध में मंदिर के पुजारी पंडित संजय शास्त्री ने कहा कि माता दुर्गा के त्रिशूल से महिषासुर का सिर कटते दिखाई देगा।
भगवान गणेश का रथ और उनका वाहन चूहा हमेशा चलते हुए दिखाई देंगे। वहीं भगवान कार्तिकेय का मोर उड़ता नजर आएगा। इस बार यहां मेला भी लगाया जा रहा है। बता दें कि थाना मोड़ में इस वर्ष पहली मर्तबा आकर्षक पूजा पंडाल और प्रतिमाएं लगाई जा रही हैं।
- पंडाल की ऊंचाई 70 तथा चौड़ाई 75 फीट होगी।
(चेन्नई स्थित रामकृष्ण मठ की फाइल फोटो।)