मृत नक्सली की नहीं हो सकी है पहचान
भास्कर न्यूज | बेरमो/ललपनिया
उग्रवादप्रभावित गोमिया प्रखंड अंतर्गत चतरोचट्टी थाना के चुट्टे पंचायत स्थित दनरा नाला जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में मारे गए उग्रवादी की पहचान दूसरे दिन भी नहीं हो पाई है।
बोकारो के एसपी वाईएस रमेश के अनुसार पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के शव को चास (बोकारो) स्थित मोर्चरी में रखा गया है। उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके लोगों से पूछताछ की जा रही है। इधर एक दिन पूर्व मारे गए लगभग 19 वर्षीय नक्सली को झुमरा पहाड़ के सिमराबेड़ा गांव का बताया जा रहा था। अब कुछ लोग झुमरा पहाड़ के तलहट्टी स्थित सिमराबेड़ा गांव का युवक होने की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि स्पष्ट रुप से पता नहीं चल सका है कि मृतक कहां का निवासी था।
इधर, पुलिस ने एक दिन पूर्व गिरफ्तार महिला नक्सली ललिता देवी को जेल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि वह कोनार डैम की निवासी है। उसका मायका नावाडीह थाना अंतर्गत बुडगड्डा गांव है। उसके अनुसार वह एक सप्ताह पूर्व ही संगठन में पारिवारिक तनाव के कारण जुड़ी थी। उधर, उग्रवादियों के पांव जड़ से उखाड़ने को लेकर जिला पुलिस, सीआरपीएफ कोबरा के अधिकारी तथा जवान उग्रवाद प्रभावित झुमरा पहाड़ लुगू पहाड़ क्षेत्र में सर्च अभियान जारी रखे हुए हैं। अभियान में शामिल लोग दिन-रात एक करके उग्रवादियों का ठिकाना ढूंढ़ने तथा उन्हें समाप्त करने अथवा गिरफ्तार करने के प्रयास में लगे हुए हैं।