हारू ने किया जनसंपर्क
चंदनकियारीसीट के झामुमो उम्मीदवार हारू रजवार ने मंगलवार को विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर लुटेरों की नजर है। वैसे दलों को सत्ता में आने से रोकें। उन्होंने कहा कि झामुमो माटी की पार्टी है। जल, जंगल, जमीन की रक्षा झामुमो ही करेगा। झामुमो झारखंड के अमीर, गरीब, दलित, अल्पसंख्यक सबको सम्मान देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जो दल के लोग एक साल की हेमंत सरकार से हिसाब मांग रहे हैं, वे अपने 12 साल के कार्यकाल की हिसाब दें। भाजपा सरकार में चंदनकियारी की एकमात्र अमलबाद कोलियरी बंद हो गई, गवई बराज को चालू नहीं करा पाई और हेमंत सरकार से हिसाब मांग रही है। हेमंत सोरेन के एक साल के कार्यकाल में जितना विकास हुआ उतना भाजपा ने 12 साल में नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता बहकावे में ना आए, एकजुट होकर झामुमो के पक्ष में मतदान कर झारखंड के विकास के लिए दोबारा हेमंत सोरेन की सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि चंदनकियारी से झामुमो की जीत तय है। इस अवसर पर झामुमो चुनाव संचालन समिति के उपेंद्र नाथ हांसदा, चास प्रखंड अध्यक्ष मुक्तेश्वर महतो, सचिव अशोक दशोंधी, पंचानन आदि मौजूद थे।
क्षेत्र का दौरा करते झामुमा प्रत्याशी हारू रजवार।