- Hindi News
- नई सोच, नई दिशा में इस्पात कर्मियों से हुई अंतःक्रिया
नई सोच, नई दिशा में इस्पात कर्मियों से हुई अंतःक्रिया
11फरवरी को बीएसएल कर्मियों के साथ संयंत्र के वरीय अधिकारियों के अंतःक्रिया के एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नई सोच, नई दिशा कार्यक्रम की 33वीं कड़ी में अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) एस दासगुप्ता, अधिशासी निदेशक (संकार्य) बंदोपाध्याय, महाप्रबंधकगण एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों से इस्पातकर्मियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
आरंभ में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास एवं शिक्षा) पीआर बालासुब्रहमणियन ने सभी का स्वागत किया। तदुपरान्त संतोष कुमार (इएमडी), संदीप बोड़ाल (सी एन्ड ए) तथा लखविन्दर सिंह (कोक अवन) ने एक प्रस्तुति के माध्यम से प्रतिभागियों को बीएसएल के उत्पादन एवं तक्नो-आर्थिक पैरामीटर्स की अद्यतन स्थिति, सेल के अन्य संयंत्रों तथा अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों के उत्पादन एवं लाभ के तुलनात्मक आंकड़ें, संयंत्र की भावी योजनाएं, चुनौतियां इत्यादि की जानकारी दी। दासगुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में बेहतर प्रदर्शन के पश्चात अब अंतिम तिमाही में भी निष्पादन के स्तर को लगातार बेहतर बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने संयंत्र में इन्वेन्ट्री के मौजूदा स्तर को कम करने के साथ ही स्पेयर्स की खपत में भी कमी लाने की आवश्यकता पर बल दिया। दासगुप्ता ने विश्वास जताया कि टीम वर्क के साथ इस्पात कर्मी इस वर्ष के लिये निर्धारित उत्पादन लक्ष्य प्राप्त कर सकेंगे। बंदोपाध्याय ने अपने सम्बोधन में कर्मियों को संयंत्र की लाभप्रदत्ता को बेहतर बनाने के लिये परिचालन के सभी मानकों में अपेक्षित सुधार लाने का सुझाव दिया।
उन्होंने विशेषकर डी-रेलमेन्ट की समस्या पर नियंत्रण लाने, बेहतर यार्ड प्रबंधन करने, कोक रेट में कमी लाने तथा सुरक्षा पहलुओं के प्रति सजगता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कोल्ड रोल्ड उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग के आलोक में सीआरएम 3 की महत्ता को पुनः रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंतिम खण्ड में प्रतिभागियों ने अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित कुछ अहम सुझाव वरीय अधिकारियों के समक्ष रखे जिस पर मंचासीन अधिकारियों ने अपने मंतव्य दिए। परिचर्चा के समापन पर उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) सुधीर कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मेले में उपस्थित अधिकारी कर्मी
एसीवीएस विभाग में सुझाव मेला का आयोजन
बोकारो| बीएसएलके एसीवीएस विभाग में 11 फरवरी को सुझाव मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (एसीवीएस) आरके अग्रवाल, जी सेन, पी एलेंजियन, आईडी विभाग से सहायक महाप्रबंधक मितेश, सहायक प्रबंधक एमके मिश्रा तथा एसीवीएस विभाग के अन्य अधिकारी कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल ने सुझाव योजना की महत्ता बताते हुए प्रतिभागियों को कार्यप्रणाली में बेहतरी लाने संबंधित सुझाव देने के लिए प्रोत्साहित किया। दिनेश तथा मिश्रा ने प्रतिभागियों को सुझाव योजना की विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और 75 महत्वपूर्ण सुझाव दिए।