बोकारो. स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान के नशा उन्मूलन अभियान के पहले चरण में नशा से सावधान विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का आयोजन पूज्य तपस्वी जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर सेक्टर तीन में किया गया था। समारोह में मुख्य अतिथि आवासीय दंडाधिकारी राकेश दूबे ने कहा कि पहले व्यक्ति शराब पीता है, बाद में शराब व्यक्ति को पी जाती है। नशा समाज के विकास में बाधक है।
उन्होंने कहा कि चौक चौराहों पर होर्डिंग और गानों के माध्यम से नशे की सामग्रियों का प्रचार किया जाता है। इससे नशा सेवन बढ़ रहा है। विशिष्ट अतिथि डा. यू मोहंती ने नशा से होने वाले हानि की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को नशा से दूर रहना चाहिए। नशा सेवन से आने वाली पीढ़ी को बचाना होगा। उन्होंने कहा कि नशा सेवन से गर्भ में पल रहे शिशु पर भी कुप्रभाव पड़ता है। संस्था के महासचिव शशिभूषण ओझा ने कहा कि संस्था नशा के पूर्णरूप से उन्मूलन के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए क्रमवार अभियान चलाएगी।