नलकूप लगाए जाने की जांच का निर्देश
विधानसभा की प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष विधायक सरफराज अहमद ने शनिवार को स्थानीय परिसदन में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बेरमो में पीएचईडी विभाग से नलकूप लगाया गया है। इसमें भारी गड़बड़ी की शिकायत मिली है। उन्होंने डीआरडीए के निदेशक राजेश कुमार राय को पीएचईडी के करीब 32 योजनाओं की जांच करने का निर्देश दिया। वहीं प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष ने अन्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि खर्च अधिक दिखाया गया है। परन्तु धरातल पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के व्यय का आकलन करने से पता चला कि यहां की स्थिति बेहतर नहीं है। कागज में राशि खर्च हुई है परन्तु धरातल पर कुछ और है। उन्होंने कई मामले में संबंधित अधिकारियों से कारण पृच्छा भी की है। बैठक में सभी विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग के खर्च की गई राशि का ब्यौरा सौंपा। इस मौके पर महालेखाकार के प्रतिनिधि सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।