पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

वर दे वीणा वादिनी वर दे ...

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धनबाद। शहर और इसके आसपास के इलाकों में शनिवार को श्रद्धा अौर उल्लास के माहौल में माता सरस्वती की पूजा की गई। स्कूल-कॉलेजों, अन्य शिक्षण संस्थानों और सभी मुहल्लों में जगह-जगह विद्या की देवी सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई। सरस्वती माता विद्या दाता, वीणा पाणि विद्या दायिनी, वर दे वीणा वादिनी के जयकारे और वैदिक मंत्रोच्चार शनिवार को शहरभर में पूजा पंडालों में गूंजते रहे। छात्र-छात्राएं माता की पूजा में उत्साह के साथ शामिल हुए। सुबह से ही सभी जगह पूजा की तैयारी शुरू हो गई थी। किशारों-युवाओं ने मां सरस्वती काे नमन करते हुए विद्या का वर मांगा।

जगह-जगह हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

पूजा के बाद कई पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। महिला कॉलेजों में छात्राओं ने फिल्मी गीतों पर ठुमके लगाए। कई जगह शाम की आरती के बाद युवाओं ने नाच-गाकर खुशी जताई।

स्कूल-कॉलेजों से लेकर हर गली-नुक्कड़ तक में पंडाल बनाकर स्थापित की गई माता की प्रतिमा

व्यस्त रहे पंडित | विभिन्न पंडालों में पूजा कराने के लिए सुबह से शाम तक पंडितजी का इंतजार होता रहा। चूंकि सरस्वती पूजा का आयोजन हर गली-नुक्कड़ पर किया जाता है, इसलिए एक-एक पंडित को कई-कई जगहों पर पूजा कराने जाना पड़ा। इस वजह से कई पंडालों में दोपहर बाद ही पूजा हो सकी। न्यू कॉलोनी स्थित पूजा पंडाल में मौजूद अभय, अर्जुन आदि ने बताया कि सुबह नौ बजे का समय देकर पंडितजी दोपहर 12 बजे तक नहीं आए, दूसरे पुरोहित को बुलाकर पूजा कराई गई। डीजीएमएस कॉलोनी ग्राउंड के पंडाल में भी ऐसा ही हुआ।

आकर्षण का केंद्र रहे पूजा पंडाल

मां सरस्वती की आराधना के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक से बढ़कर एक पूजा पंडाल बनाए गए हैं। उनकी सजावट देखते ही बन रही है। वाॅच एंड वार्ड कॉलोनी के लोको टैंक में पानी के बीच निर्मित पूजा पंडाल हर वर्ष की तरह इस बार भी लोगों का आकर्षित कर रहा है। यहां सुबह से देर रात तक मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। झारखंड मैदान में भी आकर्षक पूजा पंडाल बनाया गया है। हॉस्पिटल कॉलोनी में रूई से बना पहाड़नुमा पंडाल खूबसूरत लग रहा है। कई जगहों पर जूट से पंडाल बनाए गए हैं। एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, बीएसएस महिला कॉलेज, पीके राय कॉलेज, गुरुनानक कॉलेज सहित शहर के प्राय: सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में माता की पूजा की गई।
आगे की स्लाइड्स में देखें फोटोज...


खबरें और भी हैं...