वीवी पैट ने जगाया मतदाताओं में विश्वास
पर्ची से पता चला, सही प्रत्याशी को पड़ा वोट
धनबाद | मतदानकरते समय वीवी पैट ने वोटरों के विश्वास को बल दिया। बटन दबाने पर उम्मीदवार का नाम और चुनाव चिह्न का कुछ सेकेंड के लिए दिखाई देने से वोटरों को यकीन हो गया कि उनका मत सही ढंग से पड़ा है। इस नई व्यवस्था का गवाह बने मतदाता अपने परिचितों के बीच इसकी चर्चा करते देखे गए। पहली बार चुनाव में इस मशीन के इस्तेमाल की सभी ने सराहना की।
यह हमारे लिए सौभाग्य की बात थी कि मैं भी लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बना। वीवी पैट का पहला अनुभव मेरे लिए काफी सुखद रहा। यह देखकर अच्छा लगा कि जिसे वोट देना था, उसे ही वोट पड़ा। -माइकल, माडाकाॅलोनी, हीरापुर
मैं पिछले कई चुनावों से मतदान करता रहा हूं। इस बार जैसे ही मैंने ईवीएम का बटन दबाया, उसके पास रखी मशीन में एक पर्ची दिखाई दी। उसमें उम्मीदवार का नाम, उसकी क्रम संख्या, चुनाव चिह्न अंकित था। -शिवनाथ सिन्हा, हीरापुर
मेरे लिए यह अनोखी बात थी। मन में अब दुविधा वाली बात नहीं रह गई है। पहले पता ही नहीं चलता था कि जिसको वोट दे रहे हैं, उसे मिल रहा है कि नहीं। नि:संदेह वीवी पैट की व्यवस्था सराहनीय है। -रजनी लाला, चीरागोड़ा,हीरापुर
पहली बार इस नई तकनीक के जरिए वोट करना अच्छा लगा। अच्छा होता, अगर नाम के साथ-साथ मतदाता का नाम और फोटो भी नजर आता। इस तकनीक से मन में संतोष हुआ कि उनका वोट गड़बड़ाया नहीं है। -कुमार अशोक सिंह, हीरापुर
इस तकनीक के जरिए चुनाव आयोग ने एक ईमानदार व्यवस्था बनाई है। इससे यह पता चल जाता है कि हमने किसे वोट किया है। इस तकनीक ने हम वोटरों को कन्फर्म किया कि वोट सही ढंग से पड़ गया है। -रंभा सिन्हा, हीरापुर
वीवी पैट का अनुभव अच्छा रहा। अब वोट किसी दूसरे प्रत्याशी को चले जाने की आशंका नहीं रही। यह दिलचस्प है कि बटन दबाते ही प्रमाण सामने जाता है कि हमने जिसे वोट दिया, उसे मिल गया। -लक्ष्मण किशोर लाला, चीरागोड़ा,हीरापुर