- Hindi News
- इंटक ने बेरोजगारों को नौकरी के लिए सिजुआ जीएम ऑफिस घेरा
इंटक ने बेरोजगारों को नौकरी के लिए सिजुआ जीएम ऑफिस घेरा
सिटी रिपोर्टर | धनबाद/सिजुआ
इंटकनेता वैभव सिन्हा के नेतृत्व में सिजुआ एरिया 5 के महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया गया। इस घेराव का मुख्य उद्देश्य स्थानीय बेरोजगार युवकों को नियोजन दिलाना तथा हाई पावर कमेटी के द्वारा लिए गए निर्णयों को पालन कराने हेतु आउटसोर्सिंग कंपनी के साथ त्रिपक्षीय वार्ता करना था। पूर्व में भी ओरिएंटल आउटसोर्सिंग कंपनी में स्थानीय एवं विस्थापित परिवार के बेरोजगार युवकों को नियोजन देने के लिए ज्ञापन दिया गया था लेकिन इस पर कंपनी द्वारा कोई भी करवाई नहीं की गई थी। संबोधित करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि कंपनी द्वारा काम शुरू करने से पहले ही खनन क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लगा दी गई। ऐसे में ये कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि पूरी प्रक्रिया में कहीं कहीं ओरिएंटल आउटसोर्सिंग कंपनी और प्रशासन में मिलीभगत है। बाद में इंटक के प्रतिनिधि मंडल से 7 सूत्री मांगों पर वार्ता की गई। वार्ता के दौरान बीसीसीएल प्रबंधन ने इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने का आश्वासन दिया। भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्थानीय बेरोजगारों को नियोजन देने के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी के साथ त्रिपक्षीय वार्ता का प्रयास किया जाएगा।
मौके पर शकील अहमद, रमेश रवानी, रामप्रीत यादव, शकील अहमद, रवि चौबे, जसीम अंसारी, नईम अंसारी, नीलू चौहान, राजा खान, अनिल यादव, सुनील यादव, दीपक सिंह, विशाल सिन्हा ,शफीक,आरिफ राम प्रवेश यादव, नरेश यादव रोशन रवानी , कपिल कुमार शर्मा, आशीष राही, जीत पाल, मनोज कुमार यादव, विजय दास, धर्मेंद्र यादव, गोलू भुइयां आदि मौजूद थे।
सीआईएसएफ इंस्पेक्टर से नोकझोंक
धरना के दौरान आंदोलनकारियों ने सीआईएसएफ के एक वाहन को मुख्य द्वार के अंदर जाने से रोक दिया। इससे क्षुब्ध होकर इंस्पेक्टर रवि रंजन वाहन से उतरे और वाहन को अंदर जाने देने को कहा। इसे मानने से आंदोलनकारियों ने स्पष्ट इंकार कर दिया। इस मामले को लेकर दोनों ओर से गर्मागर्म बहस होने लगी। बाद में आंदोलनकारियों को वार्ता के लिए बुलाए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
सिजुआ में मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते ट्रेड यूनियन के सदस्य।
सिजुआ में प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश करते सीआईएसएफ इंस्पेक्टर।