पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • धनबाद के कोयले से झारखंड को मिलेंगे ~20 हजार करोड़

धनबाद के कोयले से झारखंड को मिलेंगे ~20 हजार करोड़

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धनबाद। धनबाद के बरवाअड्डा एयरपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विशाल जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने धनबाद, गिरिडीह और बोकारो जिले के 13 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए मत मांगे। मतदाताओं से अपील की कि राज्य में स्थिर, मजबूत और गरीबों के लिए काम करने के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनवाएं। उन्होंने कहा कि अस्थिर सरकार की डोर ठेकेदारों के हाथों में होती है। ठेकेदार राज्य का क्या हाल करते हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। झारखंड आज 14 साल का हो गया है।
14 साल के बच्चों पर जिस प्रकार विशेष ध्यान की जरूरत पड़ती है, वैसे ही इस राज्य का विशेष ध्यान रखने के लिए भाजपा को चुनें। मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार ने कोयले के साथ क्या सलूक किया, आपको पता है। धनबाद काले हीरे पर बैठा है। काले हीरे से धनबाद चमक सकता है। झारखंड खुशहाल हो सकता है। केंद्र सरकार ने ऐसी नीति बनाई है, जिससे धनबाद के कोयले से झारखंड को 20 हजार करोड़ रुपए हासिल होंगे।

नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में एक बार भी किसी विरोधी दल या नेता का नाम नहीं लिया। मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, संगठन मंत्री हृदयनाथ सिंह, सौदान सिंह, झारखंड प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रो रीता वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय, सांसद पशुपतिनाथ सिंह, सांसद रवींद्र पांडेय, विधायक कुंती सिंह मौजूद थीं। संचालन जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश लाटा ने किया।

जुटी ऐतिहासिक भीड़ :एयरपोर्ट में अभूतपूर्व जनसैलाब जुटा। मोदी को देखने-सुनने के प्रति उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों को मेमको मोड़ से कतार में लगना पड़ा। पुलिसवाले पंक्तिबद्ध कर लोगों को प्रवेश करा रहे थे। वाहन लगाने के लिए जगह कम पड़ गई। धैया तक लोगों के वाहन खड़े थे।

आईएसएम और सिंदरी पर कुछ​ उम्मीद थी : उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री आईएसएम को आईआईटी बनाने और सिंदरी खाद कारखाने को लेकर कुछ घोषणाएं करेंगे, लेकिन उन्होंने एक बार भी आईएसएम या सिंदरी का नाम नहीं लिया। मोदी की मौजूदगी में सांसद पीएन सिंह ने अपने स्वागत भाषण में जिले की प्रमुख समस्याओं की ओर उनका ध्याना दिलाया। मोदी ने अपने संबोधन में सिर्फ इतना कहा कि सांसद ने जो-जो समस्याएं बताईं, केंद्र में बैठी सरकार उनके निराकरण की दिशा में कदम उठा रही है।