पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कुछ भी कह भाई... भीड़ तऽ जुटल बा

कुछ भी कह भाई... भीड़ तऽ जुटल बा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धनबाद | कुर्सी मिली तो ठीक और मिली तो भी ठीक। लंबी कतार में खड़े रहने और जांच कराने का मलाल था और ही सभा स्थल पर जगह मिलने का। पीएम नरेंद्र मोदी की एक झलक पाने को जनता बेताब दिखी। उनके हेलिकॉप्टर की गड़गड़ाहट के साथ ही सभी की निगाहें आसमान की ओर टिक गईं। हर-हर मोदी, घर-घर मोदी के नारे लगने शुरू हो गए। जैसे-जैसे हेलिकॉप्टर नीचे आया, लोगों का जोश बढ़ता गया। हेलिकॉप्टर से उतरते ही मोदी ने हाथ हिला कर भीड़ का अभिनंदन किया, तो लोग उत्साह में शोर मचाने लगे। एयरपोर्ट परिसर में एक लाख वर्गफीट के बने सभा स्थल में उत्साह का हर रंग दिखा।
अस्सी चुटकी और नब्बे ताल
सुरक्षाकर्मियों ने खैनी खाने वालों के लिए मुश्किल खड़ी कर दी। पुलिस ने सभा स्थल पर खैनी लेकर जाने पर रोक लगा दी। देखते-ही-देखते खैनी का ढेर लग गया। झरिया से आए राजा मोहन सिंह इससे बहुत परेशान दिखे। उन्होंने सभा समाप्त होने से पहले ही सभा स्थल छोड़ दिया। पूछने पर कहा कि मोदी का भाषण तो वे बाहर जाकर भी सुन लेंगे, पर देर से गए तो खैनी उनको वापस नहीं मिलेगी।
...और धड़ाम से टूट गई बैरिकेडिंग : लोगों की भीड़ बैरिकेडिंग पर चढ़ गई। पुलिस ने बैरिकेडिंग से लोगों को हटाने का प्रयास किया, पर भीड़ अपनी मनमानी पर उतारू थी। परिणाम यह हुआ कि लोगों के बोझ को बैरिकेडिंग झेल नहीं पाई और धड़ाम की आवाज के साथ टूट गई। इससे वहां कुछ पल के लिए अफरातफरी मच गई, पर फिर पुलिस ने स्थिति संभाल ली।

उड़ीधूल की आंधी, भाग चले लोग : गोपाल,श्याम अौर पिंटू गोमो से आए थे। हेलिकॉप्टर से ऐसी धूल उड़ी कि तीनों आंख बंद कर जमीन पर बैठ गए। फिर एक-दूसरे का हाथ पकड़ बाहर निकल गए। मंच पर कुछ स्पष्ट नहीं दिख रहा था। पीएम की सिर्फ आवाज सुनाई पड़ रही थी। ऐसे में कई लोगों ने एयरपोर्ट के बाहर से ही भाषण सुनना बेहतर समझा।
पीछे देख, कितना भीड़ : सभा स्थल में प्रवेश के लिए लंबी कतार लगी थी। झरिया के पवन सिंह और बबन सिंह धीरे-धीरे सभा स्थल के करीब पहुंच रहे थे। लोगों की भीड़ देख पवन ने कहा... देख भाई, भीड़ देख। कितना लोग पीछे और आगे खड़े हैं। अंदर में खाली आदमी-ही-आदमी दिख रहे हैं। ऐसी भीड़ तो मोदीजी ही जुटा सकते हैं। बबन ने पवन की बातों पर सहमति जताई और चारों तरफ देखकर कहा... हां भाई, कुच्छो कह, भीड़ तऽ जुटल बा।

दिखी चाय की केतली : सभा स्थल पर कुछ समर्थक चाय की केतली लेकर पहुंचे थे। चाय की केतली पर उन्होंने मोदी लिख रखा था। उस पर भाजपा का कमल निशान भी बना था। केतली दिखा कर समर्थक मोदी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। पूछने पर श्याम यादव ने बताया कि वे चाय वाले हैं। मोदी जी से उन लोगों का खास जुड़ाव है। वे चाय बेच कर प्रधानमंत्री बने हैं, इसलिए हर चाय वाले का दर्द समझते हैं।
(प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को बेताब थी जनता, सभा स्थल पर जाने के लिए सुबह 7 बजे से लग गई कतार)