पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मोदी के पहुंचने से पहले प्रत्याशियों ने रखी बात

मोदी के पहुंचने से पहले प्रत्याशियों ने रखी बात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभा स्थल पर पहुंचने के पहले विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों ने अपनी बात रखी। इनमें धनबाद जिले के साथ-साथ गिरिडीह और बोकारो जिले की सीटों के प्रत्याशी भी शामिल थे। इन सभी ने बारी-बारी से मोदी का गुणगान किया तथा झारखंड में स्थिर और मजबूत सरकार के गठन के लिए भाजपा को जिताने की अपील की।
मोदी ने दिखाया, कैसे होता है विकास : फूलचंद मंडल
सिंदरी के प्रत्याशी फूलचंद मंडल ने कहा कि मोदी सरकार के बने पांच माह ही हुए हैं कि पेट्रोल-डीजल सस्ते हो गए। जो सोना 31-32 हजार प्रति ग्राम हो गया था, आज 24-25 हजार रुपए तक गिर चुका है। महंगाई पर नकेल कसने की कोशिश हो रही है। मोदी सरकार ने विकास का मॉडल पेश किया है। राज्य के विकास के लिए भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ विजयी बनाएं।
भाजपा ही कर सकती है विकास : संजीव
झरिया प्रत्याशी संजीव सिंह ने कहा कि राज्य का विकास भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस और झामुमो के कुशासन ने झारखंड को पीछे कर दिया है। विकास की दौड़ में झारखंड पिछड़ता जा रहा है। मोदीजी राज्य के विकास के लिए कृतसंकल्प हैं। देश में मोदी के कारण जो विकास हो रहा है, राज्य के विकास के लिए भी ऐसी ही सरकार की जरूरत है। भाजपा को पूर्ण बहुमत से जिताएं।
टेट पास का शिक्षा मंत्री ने टेंटुआ दबा दिया : राज
धनबाद विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी राज सिन्हा ने अपने संबाेधन में कहा कि हेमंत सरकार ने शिक्षकों को ठगने का काम किया। राज्य के हजारों टेट पास युवकों ने शिक्षक बनने का सपना देखा था, लेकिन शिक्षा मंत्री ने उनका टेंटुआ ही दबा दिया। लोग गुस्से में हैं। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए बेताब हैं। आप भी मत चूकिए। बाप-बेटे की इस सरकार को तिलांजलि देने का मौका है। भाजपा को जिताएं।
लाल झंडे का गढ़ इस बार होगा ध्वस्त : गणेश
निरसा के प्रत्याशी गणेश मिश्रा ने कहा कि पानी की भारी किल्लत है। अन्य समस्याएं भी हैं। जनता जिताए, तो रांची के साथ दिल्ली से भी निराकरण की कोशिश की जाएगी। वैसे लोग लाल झंडा से तंग चुके हैं। राज्य की जनता परिवर्तन के मूड में है और भाजपा की सरकार चाहती है। मिश्रा ने बांग्ला भाषा में अपनी बात रखते हुए वोट मांगे।
नौजवानों का रुझान भाजपा की ओर : ढुल्लू महतो
बाघमारा प्रत्याशी ढुल्लू महतो ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जनता खुश है। विकास की गति देने के लिए उन्हें एक बार और मौका दें। वैसे देश में मोदी की लहर है। राज्य में भी विकास के लिए भाजपा की सरकार की जरूरत है। राज्य को बेहतर भविष्य भाजपा ही दे सकती है। नौजवानों का रुझान भाजपा की ओर है। उन्हें पता है कि अन्य दल सिर्फ उनके साथ छलावा करते हैं।