धनबाद। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी जैसे ही चुनावी सभा को संबोधित करने मंच पर पहुंचे, लोगों ने उनका स्वागत हर-हर मोदी, घर-घर मोदी के नारे से किया। लेकिन जैसे ही सांसद पीएन सिंह भाषण देने उठे, बाघमारा प्रत्याशी ढुल्लू महतो के समर्थकों ने उनकी हूटिंग शुरू कर दी। पीएन सिंह के 8 मिनट के संबोधन के दौरान ढुल्लू समर्थक लगातार हूटिंग करते रहे। वे पीएन हटाओ, मोदी बुलाओ जैसे नारे लगा रहे थे।
यह देख मंच पर बैठे एक वरिष्ठ नेता ने सांसद के कान में जाकर कुछ कहा, जिसके तुरंत बाद उन्होंने भाषण समाप्त किया। मोदी ने सभा को संबोधित किया।
मंतर मारने आए हैं मोदी भगवान : मोदी को सुनने वाले बातें कर रहे थे - मोदी भाषण से जनता प्रत्याशियों को टॉनिक पिलाएंगे और लोगों के वोट अपने पक्ष में कर लेंगे। समर्थक तो मोदी को भगवान का दर्जा दे रहे थे, कह रहे थे मोदी भगवान आए हैं, मंतर मार के जाएंगे।
हजारों मोबाइल उतार रहे थे मोदी की तस्वीरें : नरेंद्र मोदी जब मंच पर पहुंचे, तो हजारों मोबाइल उनकी तस्वीरें खींचने में जुट गए। शहरवासियों ने इस मौके को यादगार बनाने के लिए अपने मोबाइल में अपने प्रिय नेता के पूरे भाषण को रिकॉर्ड कर लिया।