लोगों को भरमा रहे मोदी : अरुप
धनबाद | निरसासे मासस प्रत्याशी अरुप चटर्जी ने मंगलवार का प्रधानमंत्री मोदी को खूब कोसा। उन्होंने निरसा में मीडिया से कहा कि मोदी मायाजाल रच रहे हैं, हवा-हवाई बात कह लोगों को भरमा रहे हैं। लच्छेदार भाषण देकर दिग्भ्रमित कर रहे हैं। अरुप ने कहा कि मोदी ने धनबाद की अपनी सभा में अपने पुराने हथकंडे ही अपनाए, पुरानी बातें दोहराईं। लेकिन जनता अब इसके झांसे में नहीं आने वाली है। चुनाव में उनकी पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देगी। निरसा के विधायक अरुप ने कहा कि मोदी ने गुजरात में अल्पसंख्यकों के साथ जो सलूक किया, उसके लिए देश के अल्पसंख्यकों ने उन्हें माफ नहीं किया है।
लोकसभा चुनाव के समय मोदी ने अच्छे दिनों की बात कही थी, लेकिन अब नहीं कहते। उन्हें मालूम चल गया है कि अच्छे दिनों की बात करने से जनता भड़क जाएगी। जनता की किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ, उल्टे परेशानी और बढ़ी। इसलिए अब वे नए बहानों से जनता को फांसने की कोशिश में भिड़े हुए हैं। उनकी कोशिश इस बार कामयाब नहीं हो पाएगी।