विनोद जयंती पर होगा विविध कार्यक्रम
राजगंज . विनोदजयंती कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर शनिवार को बिनोद बिहारी महतो जनजातीय कन्या उच्च विद्यालय, राजगंज के प्रांगण में संस्थापक सह सचिव शंकर किशोर महतो की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए महतो ने कहा कि 23 सितंबर को धनबाद सहित अन्य जिलों के विभिन्न स्थानों में राजनितिक, गैर राजनीतिक तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित कर बिनोद बाबू की जयंती को मनाते हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बिनोद ज्ञान ज्योति प्रज्जवलित कर पाक्षिक समारोह मनाया जाएगा। महतो ने कहा कि पाक्षिक समारोह के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, योग शिक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झारखंडी कवि सम्मेलन का अायोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजकिशोर महतो उपस्थित रहेंगे। मौके पर सुकदेव प्रसाद महतो, राजेश महतो, शमा परवीन, भुवनेश्वर रवानी, निकिता विश्वकर्मा, कामेश्वर महतो, धनंजय कुमार आदि मौजूद थे।