तनाव और पहरेदारी के बीच डाले गए वोट
विधानसभासीट : झरिया
सुबहके 7:00 बजे हैं, आसमान में बादल है और ठंडी हवाएं परेशान कर रही हैं। धनसार थाना के पास पहुंचते ही पुलिस रोकती है। मामूली पूछताछ के बाद पुलिस आगे जाने का इशारा करती है। यहां से झरिया विधानसभा क्षेत्र शुरू होता है। माहौल बदला हुआ है। खामोश तनाव के बीच कड़ी चौकसी है। सुबह के 9:00 बज चुके हैं। हल्की धूप शरीर तक पहुंची है। बाटा मोड़ के आसपास लोगों की जुटान हो रही है। लोग वोट देकर रहे हैं और चाय के साथ चुनावी चौपाल लगा रहे हैं। शहरी मतदान केंद्रों पर वोटर की लाइन लंबी हो रही है। झरिया विधानसभा क्षेत्र में 15 प्रतिशत मतदान की खबर आती है। दिन के 10:10 बजे हैं, उपरकुल्ही के मतदान केंद्र संख्या 78 79 में भीड़ अधिक है। अचानक सड़क पर माहौल बिगड़ता है। मासस और कांग्रेस के समर्थक उग्र दिखते हैं। 10 मिनट तक सड़क पर तू-तू, मैं-मैं होती रही।
कुछ लोगों की पहल पर मामला शांत हुआ। यह झरिया में झड़प की पहली घटना थी। दिन के 11:30 बजे हैं और अतिसंवेदनशील होरलाडीह स्थित बूथ संख्या 35 37 पर तनाव है। तैनात पुलिस बल ने मतदान केंद्र को सुरक्षा घेरे में कर रखा है। कांग्रेस प्रत्याशी नीरज सिंह के भाई यहां मौजूद हैं। पुलिस भीड़ को हटाने के लिए हर 10 मिनट पर लाठी दिखा रही है।
दिन के 12:00 बजे हैं और बोर्रागढ़ का नजारा तनाव सुरक्षा का है। कांग्रेस भाजपा दोनों की नजर इस बूथ पर है। कुंती सिंह और किरण सिंह वहां कैंप कर रही हैं। दोनों की कुर्सी सड़क के किनारे लगी है। लोग रहे हैं और उनसे मिल कर जा रहे हैं। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी की तरफ से भी बच्चा सिंह यहां नजर बनाए हुए हैं। दिन के 1 बजते ही 50 प्रतिशत मतदान की खबर आती है। लोदना में वोटिंग का प्रतिशत धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। भागा, जामाडोबा, तिसरा पाथरडीह सहित अन्य कोलियरी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। दिन के 3 बजते ही मतदान समाप्ति की ओर बढ़ गया। 52 प्रतिशत मतदान पर वोटिंग समाप्त हुई।
भास्कर लाइव