धनबाद । अंकित सिंह हत्याकांड में सूचक रुचि सिंह ने सोमवार को अदालत में बयान दर्ज कराया। रुचि सिंह ने प्राथमिकी का समर्थन करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंबुज नाथ की अदालत में बयान दिया। रुचि ने बयान में कहा कि घटना से तीन दिन पहले मनोरंजन सिंह एवं राहुल सिंह उसके घर पर आया था। रुचि आगे बोली कि मनोरंजन सिंह ने कहा था कि उसकी बोलेरो गाड़ी चोरी हुई है। तुम अपने भाई को बोलेरो वापस करने के लिए बोलना, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।
18 नवंबर 2013 को उसका भाई अंकित सिंह संध्या सात बजे मोटरसाइकिल से निकला था। अंकित रात्रि 11 बजे घर आया तथा बोला कि 20 रुपए दो, मोटरसाइकिल में पेट्रोल भराना है। अंकित को 20 रुपए दिए। वह मोटरसाइकिल लेकर निकल गया था। रात में घर नहीं लौटा था। रुचि ने बयान दिया कि 19 नंवबर की सुबह दो पुलिस वाले आए तथा बोले कि एक लाश पंप हाउस के पास पड़ी है। जब वह गई तो देखी कि लाश उसके भाई अंकित सिंह की थी।
रुचि ने अदालत में खड़े मनोरंजन सिंह की पहचान की। इस मामले में रुचि के बयान पर 19 नवंबर 2013 को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पार्षद मनोरंजन सिंह एवं राहुल सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया था। अंकित हत्याकांड में छह गवाहों का बयान हो गया है। अदालत ने आईओ की गवाही के लिए अगली तिथि मुकर्रर की।
- मनोरंजन सिंह ने अंजाम भुगतने की दी थी धमकी