धनबाद। धनसार थाने से 500 गज की दूरी पर अनुग्रह नगर स्थित पीएनबी एटीएम के पास कोयला व्यवसायी रणधीर कुमार सिंह के शरीर पर किसी ने खुजली वाला स्प्रे डालकर साढ़े पांच लाख रुपए से भरा बैग उड़ा ले गया। व्यवसायी के सामने खड़े उनके दोस्त पुष्कर कपड़ा दुकानदार बैग उड़ाने वाले उसे देख नहीं सके। पुलिस मौके पर पहुंचकर एटीएम के गार्ड आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की। हालांकि पुलिस मामले को संदेहास्पद मान कर जांच-पड़ताल कर रही है।
घटना के तीन घंटे बाद थाना पहुंचे व्यवसायी : पुलिस ने कहा कि घटना मंगलवार की दोपहर पौने चार बजे दिन में घटी है और कोयला व्यवसायी पौने सात बजे शाम को धनसार थाना पहुंचे हैं। बरोरा थाना क्षेत्र के बेहराकुदर निवासी व्यवसायी रणधीर सिंह बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के मित्र बताए जाते हैं। व्यवसायी मंगलवार को दिन के तीन बजे कैनरा बैंक मटकुरिया रोड पहुंचे और वहां से साढ़े पांच लाख रुपए निकाले। कारोबार के लिए ओम ट्रांसपोर्ट एजेंसी से लिए चेक से कैश निकाले थे। रुपए निकालने के बाद धनसार चौक के निकट पहुंचे और पीएनबी के एटीएम से 25 हजार निकाले। 25 हजार जेब में रखे। बगल में खड़ी बाइक के पास गए, जहां व्यवसायी के दोस्त सरायढेला के पुष्कर से मिले। वहां एक कपड़ा दुकानदार भी खड़ा था।
दोनों से बातचीत करने लगे। इसी बीच व्यवसायी के शरीर में खुजली होने लगी। पुष्कर बैग लेकर दूसरे की बाइक में टांग दिए। दोनों मिल कर व्यवसायी के शरीर में खुजलाने लगे, इसी बीच बैग गायब हो गया। पुलिस को व्यवसायी ने कहा कि एटीएम से रुपए निकालने के दौरान एक युवक भीतर घुसा था, संभवत: उसी ने स्प्रे किया होगा। पुलिस ने युवक का फुटेज देखा, जो बैंक से निकाला जाएगा। कैनरा बैक से रुपए निकालने के दौरान वह युवक की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे से मैच खाता है तो उसी ने रुपए उडा़या है। हुलिया के आधार पर युवक के बारे में पता लगाया जा रहा है।
मामले की चल रही जांच-पड़ताल
''व्यवसायी का रुपए से भरा बैग गायब हुआ है। यह मामला संदेहास्पद है। धनसार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। रुपए गायब करने वाले के बारे में पुलिस द्वारा पता लगाया जा रहा है। इस मामले का शीघ्र ही राजफास होगा। किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।" हेमंत टोप्पो, एसपी,धनबाद।