छवि धूमिल करने की साजिश : राज
भाजपाके प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राज सिन्हा ने कहा कि अब फेसबुक पर ओछी राजनीति शुरू हो गई है। धनबाद झारखंड इंडिया नाम के एकाउंट से उनके नाम एक संदेश पोस्ट किया गया है, जिसमें लिखा है कि वे जिसके साथ रहते हैं, उसी की पीठ में छुरा घोपते हैं। पोस्ट में मुझे माफिया और रंगदार भी बताया गया है, जो सरासर गलत और बेबुनियाद है। उन्होंने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी लोकप्रियता से विरोधी हताश हो गए हैं और हताशा में इस तरह की हरकत कर रहे हैं। विरोधी इससे भी बड़ी साजिश रच सकते हैं। विधानसभा चुनाव में उनकी उम्मीदवारी को देखते हुए उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। पोस्ट करने वाला सामने आकर आरोप साबित करे। जिसने उस पोस्ट पर कमेंट किया है, उन्हें भी सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ केवल धनबाद में आचार संहिता उल्लंघन का एक मामला है। इसके अलावे किसी थाने में आपराधिक मुकदमा नहीं है। अगर मैं रंगदार होता तो कोई कोई मामला दर्ज जरूर होता। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी लिखित शिकायत सरायढेला पुलिस से भी की है। इस मौके पर संजय झा, मिल्टन पार्थ सारथी, मनोज मालाकार मौजूद थे।