84% वोटिंग, मतपत्र पर हंगामा
धनबाद बार एसोसिएशन का ताज किसके सिर बंधेगा, इसका फैसला बार सदस्यों ने कर दिया। शनिवार को कोर्ट परिसर स्थित टैगोर सेमिनार हॉल में मतदाताओं ने 15 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए वोट डाले। सुबह 10.15 से शुरू हुआ मतदान शाम 4.20 बजे जब थमा, तब तक 2187 वोटरों में से 1837 मत डाल चुके थे। बचे 354 बैलेट पेपर को लेकर प्रत्याशियों ने हंगामा किया। उन्होंने पर्यवेक्षकों एसएन राय, शिवपूजन चौधरी, बालेश्वर सिंह, मिलन डे और जमरुद्दीन अंसारी बचे बैलेट पेपर को रद्द करने की मांग की। पर्यवेक्षक इसके लिए तैयार नहीं थे। इस पर हंगामा बढ़ता गया। अंत में पर्यवेक्षकों ने मौके पर ही शेष बचे बैलेट पेपर कैंसिल कर दिए। मतगणना शाम साढ़े सात बजे शुरू होनी थी, पर हंगामे के कारण मतपत्रों का बंडल बनाने में देर हो गई। रात 10:30 बजे तक मतगणना शुरू नहीं हो पाई थी। मतगणना के लिए बैलेट पेपरों के 100 बंडल बनाए गए।
मतदान के लिए छह बूथ बनाए थे। नाम के पहले अंग्रेजी अक्षर के अनुसार बूथों का निर्धारण किया गया था। पांच बूथों पर 4-4 सौ और एक बूथ पर 187 के वोट डालने की व्यवस्था थी। टैगोर सेमिनार हॉल के बाहर पंडाल भी बनाया गया था।
पहले दौर की गिनती खत्म होने के बाद अध्यक्ष पद के दावेदार कंसारी मंडल आगे हैं। उन्हें 38 मत मिले, जबकि समर श्रीवास्तव को 32 और राधेश्याम गोस्वामी को 30। महासचिव पद के दावेदार देवी शरण 26 मत लाकर जया कुमार (21), सुरेश यादव (21) और धनेश्वर (15) से आगे हैं।
बनाए गए थे छह मतदान केंद्र
कंसारी देवी शरण आगे
बार चुनाव में ऑब्जर्वर से बचे मतपत्रों को रद्द करने की मांग करते प्रत्याशी।
ऑब्जर्वर के इनकार के बाद हंगामे पर उतर आए प्रत्याशी उनके समर्थक।