एजेंटों का कमीशन बढ़ाने की मांग
धनबाद | ऑलइंडिया जेनरल इंश्योरेंस एजेंट एसोसिएशन की रविवार को बीपी अग्रवाल भवन धनसार में हुई बैठक में अभिकर्ताओं के लिए पारिवारिक पेंशन स्कीम लागू करने और कमीशन बढ़ाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि कंपनी की बेहतरी के लिए एजेंट अपना सारा समय कंपनी को देते हैं। कंपनी को कैसे लाभ हो इसकी चिंता बराबर रहती है, लेकिन आज हमारी आकस्मिक मृत्यु हो जाए, तो हमारे बच्चे सड़क पर जाएंगे। एजेंटों को किसी तरह की सुविधा नहीं दी जा रही है। काम के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वक्ताओं ने कहा कि पॉलिसी धारकों को बेहतर सुविधा मिले और उनके दावे का त्वरित निष्पादन के लिए भी संगठन कई बार आवाज उठा चुकी है, लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है, जो दुखद है। आज बैठक में संगठन के वरीय सहयोगी स्व वीरेंद्र मोहन कपूर को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्नेह रंजन श्रीवास्तव, संजीव रंजन, रजनीश कुमार, तवरेज आलम ने भी संबोधित किया।