धनबाद रेलवे ने जीता वालीबॉल टूर्नामेंट
केंदुआ/पुटकी | कुस्तौरदस नंबर में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच रविवार को झारखंड पुलिस धनबाद रेलवे के बीच खेला गया। जिसमें रेलवे की टीम ने पुलिस टीम को लगातार सेटों में 25-17, 25-16 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता तथा उपविजेता टीम को मुख्य अतिथि बोकारो जोन के आईजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह एवं गणमान्य लोगों ने पुरस्कार से सम्मानित किया। समापन समाराेह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सिंह ने कहा कि अच्छे खिलाड़ी जिला एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करें। उनके लिए राज्य में नौकरी का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने एक समय में कहा था कि गीता पढ़ने से पहले वॉलीबॉल जरूर खेलना चाहिए। इस दौरान उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा एवं बकरीद का त्योहार भाईचारा के साथ मनाने की अपील की। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। नॉक आउट आधार पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 18 टीमों ने भाग लिया था। मौके पर भाजपा नेता सत्येंद्र कुमार, कुश कुमार सिंह, महंत पांडेय, बद्री रविदास, राकेश सिंह आदि मौजूद थे। आयोजन काे सफल बनाने में संतोष सिंह, सतीश सिंह, बिंदू कुमार, संजय कुमार सिंह, आलोक राय, गाेलू रवानी आदि का योगदान रहा।