धनबाद। विभावि प्रशासन ने मेडिकल लीव से लौटीं एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की प्राचार्य डॉ किरण सिंह की ज्वाइनिंग को नामंजूर कर दिया है। विवि के रजिस्ट्रार एसपी सिन्हा ने 8 दिसंबर को पत्र जारी डॉ मीना श्रीवास्तव को ही अगली व्यवस्था होने तक कॉलेज का प्रभारी बने रहने का आदेश दिया है। इसकी सूचना प्राचार्य समेत विवि के सभी अधिकारियों को दे दी गई है। विवि प्रशासन ने डॉ किरण की मेडिकल लीव से जुड़ी जानकारी मांगी है।
कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ मीना ने सोमवार को विवि के आदेश से कॉलेज के शिक्षकों अन्य कर्मियों को अवगत करा दिया है। उन्होंने कॉलेज के संबंधित अधिकारी और कर्मियों को लीव के सभी चरण के कागजात, कार्यालय संबंधित प्रोसिडिंग और अन्य जरूरी कागजात उन्हें सौंपने का निर्देश दिया है।
डॉ किरण का लौटना मुश्किल:चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद विवि की ओर से एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में बड़ा फेरबदल किया जा सकता है। विवि प्रशासन के रुख से अब डॉ किरण सिंह को दुबारा प्रभार मिलता नहीं दिख रहा है। अब या तो नया प्राचार्य नियुक्त किया जाएगा, या फिर डॉ मीना को ही नियमित कर दिया जाएगा।
कॉलेज में कहीं खुशी, तो कही गम : डॉ किरण ने मेडिकल लीव से लौटने के बाद छह दिसंबर को ज्वाइन करने संबंधित पत्र विभावि प्रशासन को भेजा था। इससे उनके समर्थक शिक्षक और कर्मी खुश थे। 8 दिसंबर को विवि प्रशासन ने डॉ मीना को ही प्रभारी बने रहने का आदेश जारी कर दिया। इससे डॉ मीना के समर्थक शिक्षक-कर्मचारी खुश हैं।
कुलपति ने लिखा प्रभारी प्राचार्य को पत्र : विभावि के कुलपति डॉ गुरदीप सिंह ने एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ मीना श्रीवास्तव को ई-मेल कर बताया कि डॉ किरण सिंह कुछ दिनों से छुट्टी पर हैं। ऐसे में कॉलेज का काम-काज उन्हें ही संभालते रहने और नैक संबंधित कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है। कुलपति ने कहा है कि कॉलेज प्रशासन नैक संबंधित कार्य में काफी पीछे है। ऐसे में वे अपने स्तर से इस काम की निगरानी करेंगे।