डीबी स्टार.धनबाद
डीबी स्टार.धनबाद
दैनिकभास्कर एक पेड़ एक जिंदगी अभियान का समापन सोमवार को सिंफर परिसर में पौधारोपण के साथ किया गया। इस मौके पर सिंफर परिसर में संस्थान के डायरेक्टर डॉ अमलेन्दू सिन्हा ने अनार के पौधे लगाकर पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण वनों की अंधाधुंध कटाई तथा उसके स्थान पर नए पौधे नहीं लगाए जाने के कारण पर्यावरण असंतुलन की समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे निपटने के लिए यह आवश्यक है कि हम सब अपने आसपास के वातावरण को हरा-भरा बनाए रखने के लिए अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसे संरक्षित करें। रिसर्च द्वारा भी यह साबित हो गया है कि एक पेड़ वातावरण को चार एसी के बराबर शीतलता प्रदान करता है। साथ ही हरियाली हमारी सेहत तथा आखों के लिए भी फायदेमंद है। उन्होंने भास्कर के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समय की मांग है और इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से भास्कर यह साबित करता है कि वह सिर्फ खबरों बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग है। इस मौके पर डॉ विजय कुमार, डॉ पीके सिंह, डॉ एके सिंह, डॉ आर शेखर आदि ने भी परिसर में पौधारोपण किया। उन सभी ने कहा कि यदि हम अपने आने वाली पीढ़ी को शुद्ध तथा स्वच्छ वायु का उपहार देना चाहते हैं ताे यह आवश्यक है कि हम सब अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं। इस अवसर पर परिसर में अनार, शरीफा, काजू, अमरूद, सागवान जैसे पौैधे लगाए गए।
सिंफर परिसर में पौधारोपण के दौरान संस्थान के डायरेक्टर डॉ अमलेन्दु सिन्हा मौजूद अन्य।
एक पेड़ एक जिंदगी अभियान के तहत सिंफर में पौधारोपण
पौधों पर निर्भर है मानव का भविष्य : डॉ अमलेन्दू