गजब की है रेलवे स्टेशन में पार्किंग पालिसी...
धनबाद . धनबादरेलवे स्टेशन के लेनों में लोगो की सुविधा के लिए बनाई गई पार्किंग पालिसी भी गजब की है। पूरे देश में कहीं और ऐसा देखने को नहीं मिल सकता है। लेन के मुहाने पर चार पहिया वाहन पड़ाव लेन का बोर्ड रेलवे के जिम्मेवारों ने लगा रखा है ताकि आम लोग अपना चारपहिया वाहन उक्त लेन में खड़ा कर सकें। परन्तु लेन में वाहन ले जाने पर जगह-जगह थ्रू लेन का बोर्ड दिखता है। इसमें स्पष्ट लिखा हुआ है कि कृपया इस लेन में गाड़ी खड़ी ना करे। अब ऐसे में वाहन चालक के समक्ष अजीब सी दुविधा पैदा हो जाती है। वो करें भी तो क्या करें, वाहन पार्क करें या नहीं करें। अगर वाहन पार्क किया तो कोई भी वर्दीधारी लेन में लगे बोर्ड को दिखाकर जुर्माना वसूलने की धौंस देता है। अौर अगर वाहन पार्क नहीं किया तो दूसरे छोर से निकलने के दौरान वहां मौजूद दबंग को जबरन पार्किंग चार्ज चुकाना पड़ता है, क्योंकि पूरे स्टेशन परिसर में उनकी इजाजत के बगैर किसी भी वाहन के प्रवेश की अघोषित मनाही है। चाहे वाहन कार, जीप, बाइक या ऑटो हो....रंगदारी चुकाए बगैर परिसर से बाहर जा नहीं सकते हैं। उनके पास हर वाहन चालक के लिए अलग-अलग तरीके के उपाय जो मौजूद हैं। जैसे गाली-गलौज, मार-पीट, रेल पुलिस का सहयोग, असमाजिक तत्वों का साथ।
थ्रू लेन में लगी दुकान और ठेला।
स्टेशन परिसर के थ्रू लेन में चाड़े वाहन।
चार पहिया वाहन के लिए पड़ाव लेन।