दुकानदारों ने निगम कार्यालय घेरा
धनबाद | फुटपाथदुकानदारों के लिए पुनर्वास की व्यवस्था, स्टेशन रोड में सड़क किनारे बनाए गए दीवार को तोड़ने समेत अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को फुटपाथ दुकानदारों ने निगम कार्यालय का घेराव किया। घेराव से पूर्व दुकानदारों ने तेतुलतल्ला मैदान से एक जुलूस निकाला, जो पुराना बाजार पानी टंकी होते हुए निगम कार्यालय पहुंचा, जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए फुटपाथ दुकानदार रोजी रोटी उपार्जन संघ के नेताओं ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर बार- बार फुटपाथ दुकानदारों को ही उजाड़ा जाता है। उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की बजाय उन्हें केवल उजाड़ा जा रहा है। कानून बना दिया गया है, लेकिन अभी तक उसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है। वेडिंग कमेटी की बैठक तक नहीं बुलायी जा रही है। घेराव में श्यामल मजूमदार, संजय कुमार सिन्हा, मिस्टर खान, महेन्द्र पंडित, रामदेव साव, मनोज साव आदि थे।