पानी की मांग को ले दो घंटे तक रोड जाम
पानीकी समस्या को लेकर वासेपुर के लोगों ने गुरुवार को वासेपुर वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले आरा मोड़ के समीप मुख्य सड़क को जाम कर करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भूली-धनबाद मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। बाद में धनबाद अंचलाधिकारी द्वारा मार्च तक सभी घरों तक पानी की व्यवस्था करने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया। लोगों का कहना था कि वासेपुर क्षेत्र में चापानल को छोड़ पानी का दूसरी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। गर्मी में लोग त्राहिमाम हो जाते हैं।
पानी टंकी बनने से लोगों में आस जगी थी, लेकिन अब तक यहां के लोगों को टंकी से पानी नहीं मिला। पार्षद प्रतिनिधि निसार आलम ने कहा कि टंकी का काम बंद है तथा कई क्षेत्रों में पाइप भी नहीं बिछाई गई है। प्रशासन शीघ्र ही टंकी का काम शुरू कराकर लोगों तक पानी पहुंचाने का काम करे, नहीं तो जोरदार आंदोलन होगा।
पानी की मांग को लेकर आरा मोड़ के पास रोड जाम करते लोग