20 लाख नहीं देने पर घर से निकाला
धनबाद | 20लाख नहीं देने पर विवाहिता को ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। हाउसिंग कॉलोनी के देवेंद्र सिंह की बेटी प्रियंका देवी ने बुधवार को धनबाद थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि 29 अप्रैल 2013 में प्रियंका की शादी मुजफ्फरपुर के सरस्वती रोड निवासी सुमन से हुई थी।
शादी से पहले ही प्रियंका के ससुरालवालों को 19 लाख कैश दिए गए थे। बहू-भात के नाम पर भी रुपए लिए। देवेंद्र ने शादी में 25 लाख खर्च किए थे। शादी के बाद सुमन के घरवाले कहने लगे कि उसने पुरी में इंजीनियरिंग कॉलेज में लेक्चरर की नौकरी छोड़ दी है। अब वह कपड़े का शोरूम खोलेगा। इसके लिए 20 लाख रुपए चाहिए। जब देवेंद्र ने रुपए नहीं दिए, तो प्रियंका को ससुराल में पीटा गया और फिर वहां से निकाल दिया गया। फिलहाल प्रियंका हाउसिंग कॉलोनी में अपने पिता के घर पर रह रही है। पुलिस ने कहा कि विवाहिता की शिकायत पर उसके पति सुमन सौरभ, ससुर सुरेश प्रसाद सिंह, सास मीरा सिंह, नंदोसी सतीश कुमार सिंह और ननद रिंकी देवी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट कर घर से निकाल देने की एफआईआर दर्ज की गई है।