- Hindi News
- झरिया के आरएसपी कॉलेज में इंटर कॉलेज खो खो टूर्नामेंट
झरिया के आरएसपी कॉलेज में इंटर कॉलेज खो-खो टूर्नामेंट
भगतडीह | विनोवाभावे विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज खो-खो टूर्नामेंट 2014 की शानदार शुरुआत बुधवार को आरएसपी कॉलेज प्रांगण में हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमआरआई के निदेशक डाॅ अंगद कुशवाहा विशिष्ठ अतिथि झरिया राजघराने की पौत्रवधू सुजाता सिंह प्राचार्य जेएम लुगुन ने दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतिभागी खिलाड़ियों के साथ कॉलेज ध्वज लेकर कार्यक्रम स्थल पर स्थापित किया। प्रतिभागी खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा तो जीवन में जरूरी है, पर साथ ही मानसिक रूप से मजबूत होने के लिए शरीर का स्वस्थ होना जरूरी है। खेल और नियमित योग व्यायाम इसके लिए जरूरी है।
हरेक को अपनी दिनचर्या में इसे शामिल करना चाहिए। कॉलेज में ऐसे आयोजन होने चाहिए। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डाॅ एनके सिंह ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के नियम आदि बताए। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में जेजे कॉलेज झुमरीतिलैया, अारएसपी कॉलेज झरिया, पीके राय मेमोरियल कॉलेज, धनबाद के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में जेजे कॉलेज, एसएसएलएनटी कॉलेज धनबाद, आरएसपी कॉलेज, झरिया केबी महिला कॉलेज, हजारीबाग के प्रतिभागी शामिल थे।
आज होगा फाइनल
बालक वर्ग में प्रथम मैच में आरएसपी कॉलेज ने जेजे कॉलेज को हराया तथा दूसरे मैच में पीके राय ने जेजे कॉलेज, तिलैया को हराया। फाइनल मैच आरएसपी कॉलेज और पीके राय के बीच खेला जाएगा। वहीं महिला वर्ग में केबी महिला कॉलेज ने एसएसएलएनटी कॉलेज को पराजित किया। फाइनल मुकाबला केबी कॉलेज, हजारीबाग जेजे कॉलेज, तिलैया के बीच खेला जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोफेसर शिक्षकेतर कर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया।