- Hindi News
- 15 नवंबर तक पंचायत भवनों का निर्माण पूरा करें : डीसी
15 नवंबर तक पंचायत भवनों का निर्माण पूरा करें : डीसी
धनबाद | डीसीप्रशांत कुमार ने सभी बीडीओ को प्रखंडों में बनने वाले पंचायत भवनों का निर्माण कार्य 15 नवंबर तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में बीआरजीएफ और 13 वें वित्त आयोग की राशि से क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि 256 पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण होना है। इनमें से 234 भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष बचे पंचायत भवनों का निर्माण जल्द पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों की भी समीक्षा की गई। जिले में 2300 आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण होना है। कल्याण विभाग ने बताया कि कुछ स्थानों पर जमीन विवाद के कारण इसका काम प्रभावित हो रहा है।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को विवाद का निपटारा जल्द करने की हिदायत दी। बैठक में सभी बीडीओ के अलावा कल्याण पदाधिकारी मौजूद थे।
डीआरडीए के कार्यों की समीक्षा
उपायुक्त प्रशांत कुमार ने आज डीआरडीए का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डीआरडीए निदेशक को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान योजनाओं की समीक्षा की और संचिकाओं का अवलोकन भी किया।