पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ...भइया से बचा लो...मुझे नहीं करनी चोरी

...भइया से बचा लो...मुझे नहीं करनी चोरी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वहचोर बनना नहीं चाहता। पढ़-लिख कर अच्छा इंसान बनना है। लेकिन ममेरा भाई ही उसे चोर बनाना चाहता है। वर्द्धवान जिले के बराकर के चीनाकुड़ी बाजार का 8 वर्षीय सोनू (बदला हुआ नाम) एनजीओ चाइल्डलाइन के दफ्तर में मौजूद लोगों से गुहार लगाता है। अंकल...प्लीज मुझे भइया से बचा लो...। स्टील गेट में शनिवार को मोबाइल चोरी करने की कोशिश में पकड़े गए सोनू को सरायढेला पुलिस ने चाइल्डलाइन के हवाले किया था। पूछताछ में सोनू बताता है कि उसके ममेरे भाई ने उसे जबरन मोबाइल और अन्य सामान की चोरी करनी सिखाई। आनाकानी करने पर उसे पीटता भी है। सोनू तीसरी कक्षा का छात्र है। वह अन्य बच्चों के साथ के साथ घर के पास मैदान में किक्रेट खेलने जाता था। वहीं पर उसके 21 वर्षीय ममेरे भाई कार्तिक ने उसे डरा-धमका कर अपने चंगुल में फंसा लिया और चोरी करने को मजबूर कर दिया।

सोनू पिटाई के डर से कार्तिक की बात मानने को तैयार हो गया। कार्तिक ने उसे पॉकेटमारी का तरीका सिखाया। जब उसे लगा कि सोनू ट्रेंड हो गया है, तो उसे घुमाने के बहाने लेकर धनबाद गया। यहां स्टील गेट पर लगनेवाले सब्जी बाजार में एक ग्राहक की जेब से मोबाइल निकालने को कहा। सोनू ने ग्राहक की जेब से मोबाइल उड़ा लिया, लेकिन ग्राहक को भनक लग गई। उसने सोनू को खदेड़कर पकड़ लिया और मोबाइल छीनकर उसे सरायढेला पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने कम उम्र देखते हुए उसे चाइल्डलाइन को सौंप दिया। इस बीच कार्तिक और उसका साथी ढाेलमन भाग गया। चाइल्डलाइन ने चाइल्ड वेलफेयर कमिटी की मदद से सोनू के माता-पिता को पूरे मामले की जानकारी दे दी है।

^बच्चे से उसका ममेरा भाई जबरन चोरी करा रहा था। बच्चे की जानकारी उसके माता-पिता को दे दी गई है। उसके ममेरे भाई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए वर्द्धवान जिले की पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।’’ -नीतासिन्हा, अध्यक्ष, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, धनबाद