धनबाद. लोदना क्षेत्र के नार्थ तिसरा डीबी रोड के असंगठित मजदूरों ने प्रबंधन द्वारा बिजली काटे जाने के विरोध में शनिवार को दूसरे दिन भी डीबी रोड को जाम रखा, जिससे एमपीएल और रोड सेल के लिए कोयले की ट्रांसपोर्टिंग नहीं हो सकी। अभी भी एमपीएल को जाने वाले हाइवा की कतार लगी हुई है।
प्रबंधन इस मामले में अभी तक वार्ता के लिए कोई पहल करने के लिए आगे नहीं रहा है। वहीं मामला उग्र हो इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर दंडाधिकारी को नियुक्त किया गया है। जो पल-पल मामले पर नजर बनाये हुए हैं। दंडाधिकारी भुनेश्वर महतो ने आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए पहल की। दंडाधिकारी से वार्ता के बाद आंदोलनकारियों का एक प्रतिनििधमंडल धनबाद एसडीओ से वार्ता के लिए गये हुए हैं। वार्ता के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं सुरक्षा को देखते हुए प्रबंधन द्वारा सीआइएसएफ और स्थानीय प्रशासन द्वारा जवानों को तैनात किया गया है।
160घरों की बिजली काटे जाने के विरोध में हो रहा है आंदोलन : पिछले36 घंटों से नार्थ तिसरा डीबी रोड को असंगठित मजदूरों द्वारा जाम किया गया है। मजदूरों का कहना है कि प्रबंधन 160 घरों की बिजली काट दी है। इससे उन लोगों को घोर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब प्रबंधन उन मजदूरों को यहां से हटाने की साजिश रच रहा है। पहले प्रबंधन उन लोगों को जरेडा के तहत पुनर्वासित करने की पहल करे। दुर्गा मंदिर को भी विस्थापित करने के लिए प्रबंधन दबाब डाल रहा है। जब कि ग्रामीण पूजा के लिए चंदा भी इकठ्ठा कर चुके हैंे। दुर्गापूजा नजदीक है। इसके बावजूद भी प्रबंधन बार-बार मंदिर के विस्थापन की बात कर रहा है। इस संबंध में लोगों का कहना है कि यह प्रबंधन द्वारा धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। आंदोलन करने वालों में बिंदा पासवान, सीमा देवी, राजू निषाद, राजेश बिरूआ, शिवबालक पासवान, विजय महतो, वीरेन्द्र सिंह, सपन पासवान सहित दर्जनों मजदूर शामिल हैं।
नाॅर्थ तिसरा में डीबी रोड जाम कर प्रदर्शन करते असंगठित मजदूर।