सीएमडी लाहिड़ी से मिले सांसद
धनबाद¿ सड़कपर उड़ते डस्ट पर रोक लगाने के लिए पानी का छिड़काव करने, काॅलोनियों में सड़क निर्माण और लाइट की व्यवस्था समेत अन्य मुद्दे को लेकर शुक्रवार को सांसद पशुपतिनाथ सिंह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ कोयला भवन में बीसीसीएल सीएमडी टीके लाहिड़ी से मिले और उन्हें समस्याओं की जानकारी दी। सांसद ने कहा कि खास कुसुंडा में रह रहे बीसीसीएल कर्मियों को आवास खाली करने का जो आदेश निर्गत किया गया है। उसे छठ तक टाला जाए।
कोल बोर्ड क्वार्टरों की मरम्मत कराई जाए। कॉपरेटिव कॉलोनी, जगजीवन नगर कॉलोनी में प्रकाश की बेहतर व्यवस्था की जाए। इन दोनों सड़कों को भी दुरुस्त किया जाए। सांसद ने भूली क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों को प्रतिनियुक्त करने के साथ-साथ और बी ब्लॉक में सड़क निर्माण की भी मांग सीएमडी के समक्ष रही। सीएमडी ने सांसद को सभी समस्याओं पर गंभीरता पूर्व विचार करने और इसके निराकरण की दिशा में ठोस पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में विधायक फूलचंद मंडल, राज सिन्हा, शेखर अग्रवाल, हरि प्रकाश लाटा, चन्द्र शेखर सिंह, मिल्टन पार्थ सारथी, नितिन भट्ट, रामदेव महतो, अजय सिंह, राजीव रंजन और उमेश सिंह शामिल थे।