नाबालिग बाइकर ने किया हंगामा
धनबाद | सिटीसेंटर के पास शाम पांच बजे एक नाबालिग बाइकर ने आधे घंटे तक हंगामा किया। पहले तो उसने बाइक से स्टंट कर राहगीरों को सांसत में डाल दिया, फिर रोकने वाली बीट पुलिस को बेल्ट खोल कर मारने की धमकी दी। उसने शराब भी पी रखी थी। बीट पुलिस ने वायरलेस से धनबाद थाने को खबर दी। थाने से आया गश्ती दल उस किशोर को पकड़कर थाने ले गया। वहां पता चला कि वह शास्त्रीनगर स्थित एक स्कूल में 11वीं का छात्र है और शहर में अपने भाई के साथ रहता है। बड़ा भाई अर्धसैनिक बल का जवान है। जानकारी मिलने पर उसने थाने जाकर किशोर की तरफ से माफी मांगी। समाचार लिखे जाने तक किशोर को थाने में रखा गया था।