धनबाद | सोमवार को बेकारबांध में दिनदहाड़े रिटायर्ड रेलकर्मी 70 वर्षीय मुख्तार अहमद पर दो अपराधियों ने पीठ पर केमिकल डाल दिया और बैग लूट कर बाइक से भाग निकले। बैग में 49 हजार रुपए बैंक के कागजात थे। घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंची और वृद्ध से पूछताछ कर थाना ले गई। वृद्ध की शिकायत पर धनबाद थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ छिनतई की एफआईआर की है।
पुलिस ने कहा कि मुख्तार अहमद मिल्लत नगर गोविंदपुर में रहते हैं। पहले पुराना स्टेशन में रहते थे। रिटायर होने के बाद गोविंदपुर चले गए। घर बनाने का काम चल रहा है। दो कमरे की ढलाई करनी थी, जिसके लिए 49 हजार की जरूरत थी। कुछ दिनों बार और 49 हजार रुपए निकालने वाले थे। दो फॉर्म भरे, लेकिन एक ही फॉर्म जमा कर 49 हजार निकाले थे।
बैंक दस बजे पहुंचे और 11 बजे बैंक से रुपए लेकर निकले। फिर सड़क किनारे पहुंच कर गोविंदपुर जाने वाली ऑटो की प्रतीक्षा कर रहे थे। एक ऑटो में लगभग 11 : 30 बजे चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से किसी ने तरल पदार्थ गिरा दिया। कहा कि चाचा पीठ पर कुछ मैला जैसा गिर गया है।
वृद्ध पीछे मुड़े ही थे कि दोनों युवकों में एक ने बैग झपट लिया। फिर तेज रफ्तार के साथ स्टेशन की ओर बाइक से भाग निकले। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर धनबाद थाना की पुलिस टीम पहुंची।
इधर, अपराधियों ने एसपी आवास के पास यूको बैंक की एटीएम तोड़ी
धनबाद | रविवार रात एसपी आवास से महज 100 गज की दूरी पर अपराधियों ने यूको बैंक की एटीएम तोड़ डाली। हालांकि कैश बॉक्स को नहीं तोड़ पाने से बैंक के लाखों रुपए बच गए। एटीएम मशीन को अपराधियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। सोमवार सुबह दस बजे सफाई कर्मी के पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ। बैंक प्रबंधन संजय कुमार साहा की सूचना पर धनबाद थाना की पुलिस पहुंची।
शटर गिराकर रात भर एटीएम तोड़ने की होती रही कोशिश
पुलिस ने कहा कि अपराधियों ने संभवत: देर रात रणधीर वर्मा चौक स्थित यूको बैंक के एटीएम में घुस गए और शटर को गिरा दिया। एक-दो अपराधी बाहर से निगरानी भी करता होगा। हालांकि औजार से मशीन को क्षतिग्रस्त कर सामने का दरवाजा खोल लिया गया, लेकिन कैश बॉक्स को नहीं खोल पाए। उसे तोड़ने की कोशिश की, पर नाकाम रहे।
सुबह होने से पहले सभी भाग निकले। एटीएम में तो गार्ड है और ही सीसीटीवी कैमरा है। जिसके वजह से यह हाल है। मौका पाकर अपराधी सन्नाटा का फायदा उठाया और घुस गए। सुबह दस बजे जब बैंक प्रबंधन ने एटीएम को देखा तो दंग रह गए। फिर धनबाद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस माैके पर पहुंची और जांच कर चली गई। बैंक प्रबंधन ने धनबाद थाना पुलिस को लिखित आवेदन दे दिया है।
अधिकतर एटीएम काउंटरों में नहीं हैं गार्ड
धनबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई एटीएम है, जहां गार्ड नहीं है। पुलिस ने कहा कि गार्ड के नहीं होने का फायदा उठा कर अपराधी दोबारा किसी दूसरे एटीएम मशीन में इस तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं। हालांकि यहां तो पैसा बच गया, लेकिन दोबारा घटना हुई तो कह पाना मुश्किल है कि पैसा बचेगा कि नहीं।
बेकारबांध में लूट की वारदात के बाद एसपी के निर्देश पर शहर के विभिन्न थाना के सामने वाहन चेकिंग अभियान शुरू की गई। दोपहर से शाम तक चेकिंग अभियान चलाया गया। पचास से अधिक बाइक पकड़े गए, जिसके पास लाइसेंस, गाड़ी के कागजात, इंश्योरेंस के पेपर हेलमेट आदि नहीं थे। सभी से जुर्माना वसूला गया।