रीजनल सेंटर के लिए कॉलेज देगा स्टाफ
धनबाद|विनोबा भावेविश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर धनबाद में खुलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मार्च तक इस सेंटर के खुल जाने की उम्मीद है। रीजनल सेंटर को लेकर बुधवार को हजारीबाग में कुलपति डॉ गुरुदीप सिंह ने धनबाद के सभी छह कॉलेज के प्राचार्यों के साथ बैठक की और सभी से सेंटर के लिए अपने कॉलेज से एक-एक स्टॉफ देने को कहा। सेंटर में कुल छह स्टाफ रहेंगे। फिलहाल इसका काम प्रतिनियुक्ति के आधार पर चलाया जाएगा। छह में से तीन तृतीय और तीन चतुर्थ वर्ग के कर्मचारी होंगे। कुलपति ने सभी प्राचार्य से एक सप्ताह के अंदर कर्मचारियों का नाम विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस सेंटर के खुल जाने से धनबाद के छात्रों को हर काम के लिए हजारीबाग का चक्कर नहीं लगाना होगा।