- Hindi News
- निरसा के विधायक अरुप से बदसलूकी पर फंसे डीआरएम
निरसा के विधायक अरुप से बदसलूकी पर फंसे डीआरएम
निरसाविधायक अरुप चटर्जी से बदसलूकी पर आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम एसएस गहलौत बुरी तरह फंस गए हैं। विधायक की लिखित शिकायत पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने विशेषाधिकार हनन पर नोटिस जारी कर डीआरएम से लिखित जवाब मांगा है। लिखित जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो डीआरएम को विधानसभा में हाजिर होना होगा। विशेषाधिकार का उल्लंघन प्रमाणित हुआ तो डीआरएम को छह माह तक कैद तक की सजा हो सकती है। इस दौरान उनकी जमानत याचिका किसी भी अदालत में दाखिल तक नहीं हो सकती है।
कुमारधुबी को लेकर आसनसोल डीआरएम के रवैए को विधायक ने बेहद उपेक्षापूर्ण करार दिया। विधायक ने बताया कि पुल समेत अन्य मांगों को लेकर मासस ने 26 अगस्त को रेल रोको सह धरना कार्यक्रम रखा था। बाद में सिर्फ धरना दिया गया। इस दौरान आसनसोल के एसीएम ने मासस प्रतिनिधिमंडल से मौखिक वार्ता की।
दावा किया कि एक सप्ताह के अंदर डीआरएम स्वयं आकर जायजा लेंगे। डीआरएम नहीं आए। बाध्य होकर 3 सितंबर को रेल रोकी गई।
कुमारधुबी को लेकर डीआरएम उदासीन
वार्ता के दौरान किया था अशोभनीय व्यवहार
अरुप ने विस अध्यक्ष को दी गई शिकायत में बताया था कि कुमारधुबी रेलवे स्टेशन में पुल निर्माण समेत अन्य मांगों को लेकर आसनसोल डीआरएम ने विधायक को वार्ता के लिए 3 सितंबर को आसनसोल बुलाया। वार्ता में अरुप के साथ धनबाद एसडीओ और निरसा बीडीओ भी शामिल हुए। इस दौरान डीआरएम का व्यवहार उपेक्षापूर्ण रहा। उन्होंने विधायक को सम्मान नहीं दिया। बातचीत का लहजा भी आपत्तिजनक था। इस पर विधायक ने विशेषाधिकार उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग की थी।
िनरसा विधायक अरुप चटर्जी