धनबाद। वाटरटैक्स और होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए अब लोगों को नगर निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा। 15 फरवरी से नगर निगम में ऑनलाइन सेवा शुरू हो जाएगी। इस सेवा के शुरू होने के बाद लोग अपने घर बैठे होल्डिंग और वाटर टैक्स जमा कर सकते हैं। आप डेबिट कम क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग के माध्यम से टैक्स जमा कर सकते हैं।
निगम में डाटा इंट्री का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। 10 हजार से अधिक नए होल्डिंग धारकों का नाम डाटा में फीड किया जा चुका है। ऑनलाइन सुविधा
ऋतिका प्रिटेक कंपनी की ओर से उपलब्ध करायी गयी है। निगम ने इसी कंपनी को टैक्स वसूली का जिम्मा दिया है। पुराने होल्डिंग का नंबर भी बदला जा रहा है।
पेमेंट गेटवे का इंतजार
ऋतिका प्रिटेक के अफसरों की माने तो पेमेंट गेटवे का इंतजार किया जा रहा है। इसकी अनुमति के लिए नगर आयुक्त को लिखा गया है। इसकी स्वीकृति मिलते ही पेमेंट सेवा शुरू हो जाएगी। उसके बाद लोग घर बैठे ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं।
कैसे करे ऑनलाइन पेमेंट
ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए आपको सबसे पहले नगर निगम के वेबसाइट पर जाना होगा। डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट डीएमसी सर्विसेज डॉट इन को लॉग-इन करना होगा। डीएमसी का पेज खुल जाएगा। पेज में सर्विस पर क्लिक करें। क्लिक करने पर चार तरह की सेवा आएगी। प्रोपर्टी टैक्स, वाटर टैक्स, ट्रेड लाइसेंस के अलावे जन शिकायत का भी ऑप्शन उपलब्ध है। अगर कोई शिकायत है तो उसे आप ऑनलाइन कर सकते हैं।
होल्डिंग या वाटर टैक्स जमा करने के लिए इस सर्विस को क्लिक करना होगा। इसके बाद निर्देशों का पालन करते जाएं। आईडी और पासवर्ड डालते ही आपका होल्डिंग नंबर और आपके घर का पूरा विवरण जाएगा। कितना टैक्स किस-किस महीने का बकाया है इसका पूरा विवरण सामने होगा।
ऑनलाइन पेमेंट सुविधा 15 फरवरी से शुरू हो जाने की उम्मीद है। सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। पेमेंट गेटवे के लिए विभाग को आवेदन भेज दिया गया है।एसएमएस सेवा भी जल्द शुरू हो जाएगी।’’ सिद्धार्थशंकर चौधरी, नगर आयुक्त।