धनबाद। सिंदरी में सेल के स्टील प्लांट के लिए जमीन मुहैया कराने में जिला प्रशासन हर संभव मदद करेगी। डीसी प्रशांत कुमार ने सिंदरी में अवैध तरीके से बसी कॉलोनियों को हटाने के लिए सरकार से पुनर्वास पैकेज की मांग की है।
वर्ष 2002 से बंद पड़े सिंदरी खाद कारखाने को पुनर्जीवित करने के लिए विकास आयुक्त राधेश्याम पोद्दार की अध्यक्षता में मंगलवार को रांची में हुई बैठक में डीसी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि विस्थापितों के पुनर्वास के लिए पैकेज के अलावा एक एजेंसी का भी निर्माण किया जाना चाहिए, जो झरिया पुनर्वास विकास प्राधिकार की तरह का हो।
डीसी ने सरकार और सेल के अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि सिंदरी में अतिक्रमित जमीन को खाली करा लिया जाएगा। बैठक में उद्योग सचिव हिमानी पांडेय, सेल के निदेशक डीबी सिंह, सेल के ईडी, बोकारो के डीसी उमाशंकर सिंह, एफसीआई के निदेशक नीरज सिंघल, एफसीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक रविकांत प्रसाद और कंसल्टेंट अरविंद कुमार शामिल थे।
सिंदरी में प्रस्तावित स्टील पावर प्लांट के लिए सेल ने इससे पूर्व राज्य सरकार से 3 हजार एकड़ ऐसी जमीन मांगी थी, जो विवादित हो। उस जमीन पर किसी प्रकार का अतिक्रमण भी हो। सेल के इस प्रपोजल के बाद राज्य सरकार ने भी सर्वे कराया था।
3000 परिवारों का होगा पुनर्वास
डीसीने बैठक में बताया कि एफसीआई की जमीन का अतिक्रमण कर उस पर करीब 3000 परिवार रह रहे हैं। फैक्ट्री के आसपास छोटी-बड़ी 26 बस्तियां अवैध रूप से बसी हैं। सिंदरी में सरकार की 6600 एकड़ जमीन है। 750 एकड़ में बंद पड़ी यूरिया फैक्ट्री है।
केंद्र को भेजी जाएगी बैठक की रिपोर्ट
उपायुक्त के मुताबिक मंगलवार को हुई बैठक का राज्य सरकार के स्तर पर प्रोसिडिंग तैयार किया जाएगा। जिसको केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से जैसा निर्देश दिया जाएगा, उसी प्रकार से आगे का काम किया जाएगा।
अवैध कॉलोनियों पर भी चर्चा
बैठक में डीसी ने उन कॉलोनियों की भी चर्चा आला अधिकारियों से की। इससे पूर्व 8 फरवरी को सिंदरी के खाद कारखाने का जिला प्रशासन की टीम ने दौरा किया था। फैक्ट्री के सभी इलाकों की विडियोग्राफी भी कराई गई थी।
डीसी ने दिया सिंदरी पर प्रजेंटेशन
उपायुक्त प्रशांत कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक में सिंदरी खाद कारखाना पर एक प्रजेंटेशन दिया। जिसमें सिंदरी में सरकारी जमीन की वस्तुस्थिति का विस्तार से चित्रण किया गया था। साथ ही बंद पड़ी फैक्ट्री को भी इसमें दिखाया गया।