एसएसएलएनटी में युवक ने किया हंगामा
धनबाद | एसएसएलएनटीमहिला कॉलेज में अपनी बहन का सर्टिफिकेट लेने आए एक युवक ने मंगलवार को कॉलेज में हंगामा किया और गार्ड से धक्का-मुक्की की। सत्र 1989- 91 में इस कॉलेज में पढ़ चुकी एक छात्रा के भाई अश्विनी सिन्हा एक दोस्त के साथ हजारीबाग से कॉलेज आए थे। दोस्त को छोड़कर अश्विनी कॉलेज के अंदर जाने लगा। गार्ड ने रुकने को कहा, पर वह उसे धक्का देकर अंदर घुस गया। इसके बाद वह कॉमर्स का फाॅर्म जमा कर रहीं लड़कियों की लाइन में खड़ा हो गया, जिसका लड़कियों ने विरोध किया। इसी बीच कॉलेज के दो कर्मी आए और उसे पकड़ कर प्राचार्य कक्ष में ले गए। वहां भी वह अपनी गलती मानने के बजाय हंगामा करने लगा। इसके बाद प्राचार्य ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सदर पुलिस कॉलेज पहुंची और उसे अपने कब्जे में लेकर थाने गई।