- Hindi News
- पूर्ण बहुमत से ही सूबे का विकास संभव : सरयू राय
पूर्ण बहुमत से ही सूबे का विकास संभव : सरयू राय
धनबाद | पूर्वविधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता सरयू राय ने कहा कि बिना पूर्ण बहुमत की सरकार के झारखंड का विकास संभव नहीं है। इसलिए भाजपा ने इस चुनाव में पूर्ण बहुमत को ही मुद्दा बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चाहते हैं कि झारखंड में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बने। पूर्ण बहुमत की सरकार ही केंद्र सरकार को राज्यसभा में बहुमत दिला सकती है। राज्यसभा में बहुमत मिलने पर चार साल लगेगा। इसके लिए जरूरी है कि झारखंड में भाजपा की सरकार बने। राय बुधवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद रांची आए मोदी भी कह चुके हैं कि वह झारखंड की हालत बदलेंगे। मुख्यमंत्री कौन होगा यह अभी स्पष्ट नहीं है। विधायकों की सलाह पर मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा। इस मौके पर चंद्र शेखर सिंह, राजकुमार सिंह, मिल्टन पार्थ सारथी, प्रियरंजन मौजूद थे।
50 में 30 सीट भाजपा को
उन्होंने कहा कि अब तक तीन चरणों में 50 सीटों का मतदान हो चुका है। इन 50 सीटों में से 30 सीट भाजपा को मिलना तय है। शेष बचे दो चरण के मतदान में भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर होगा। जो संकेत मिल रहे हैं उसे देख लगता है कि भाजपा बहुमत की संख्या को पार कर जाएगा। भाजपा का मुख्य एजेंडा भ्रष्टचार मुक्त शासन और प्रदूषण मुक्त विकास करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कुछ लोग तनावपूर्ण स्थिति पैदा करना चाह रहे हैं। भाजपा का झंडा, बैनर फाड़ने से लेकर प्रत्याशी का फोटो फाड़ा जा रहा है। हार के डर से बौखलाए लोग इस तरह की हरकत कर रहे हैं। धनबाद में भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि इसका जवाब जनता देगी।