पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घनुडीह परियोजना में बढ़ती जा रही है आग, सड़क पर उतरे लोग

घनुडीह परियोजना में बढ़ती जा रही है आग, सड़क पर उतरे लोग

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तिसरा। घनुडीह परियोजना में भड़की आग बुझ नहीं रही है। एक जगह पर उसे रोकने का प्रयास होता है, तो दूसरी जगह आग भड़क जा रही है। एक पखवारे से यही चल रहा है। लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। शनिवार को झरिया-घनुडीह सीमावर्ती क्षेत्र परियोजना की टॉप सीम की आग भड़क गई। पूरे क्षेत्र में धुआं और धूल से अंधेरा पसर गया। स्थानीय लोग इसके बाद बीसीसीएल के खिलाफ सड़क पर उतर गए।
उन्होंने झरिया-बलियापुर मेन रोड को घंटों जाम रखा। घनुडीह परियोजना पदाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय विधायक संजीव सिंह ने मौके पर पहुंचकर उन्हें शांत कराया और आग बुझाने की कोशिश करने का आश्वासन दिया। इसमें स्थानीय लोगों का भी सहयोग मांगा। इधर, प्रबंधन दो डोजरों और दो शॉवल मशीनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश करता रहा।

स्टोर और पूरे इलाके को खतरा
भूमिगत आग शनिवार को जहां भड़की, उससे चंद कदमों पर ही बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र का रीजनल स्टोर है। वहां भारी मात्रा में डीजल, मोबिल आदि ज्वलनशील तरल पदार्थ रखे गए हैं। अगर आग की एक चिंगारी भी वहां तक पहुंच गई, तो पूरा इलाका तबाह हो सकता है।

स्कूल के खाली भवन में शिफ्ट होगा घनुडीह ओपी
आग वाली जगह से थोड़ी ही दूर पर घनुडीह ओपी, सीआईएसएफ का कैंप और घनुडीह चिकित्सालय है। सीआईएसएफ कैंप को पहले ही बेड़ा स्थित नवनिर्मित भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। अब घनुडीह ओपी को झरिया-बलियापुर रोड से सटे घनुडीह मध्य विद्यालय के खाली भवन में शिफ्ट करने की योजना है। इस संबंध में एसपी का आदेश लेने का प्रयास किया जा रहा है। इस स्कूल के छात्रों को पहले ही नाॅर्थ कुजामा मध्य विद्यालय में मर्ज कर दिया गया है।

प्रबंधन ने डीसी को लिखा पत्र
इधर,बस्ताकोला क्षेत्रीय प्रबंधन ने डीसी को पत्र लिखकर बताया है कि किन-किन संस्थानों और मुहल्लों को आग से खतरा है। आग को बुझाने के लिए घनुडीह बस्ती से सटे चार आवासों को खाली करा दिया है। उन्हें घनुडीह चार और आठ नंबर के क्वार्टरों में शिफ्ट किया गया है।
एजीएम पी चंद्रा ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे प्रभावित इलाके से सुरक्षित स्थानों पर चल जाएं। इधर, झरिया कोलफील्ड बचाओ समिति ने इस मामले में बीसीसीएल पर आरोप लगाया कि वह शहर को खाली कराने की साजिश रच रही है। उसने गलत तरीके से ओपन कास्ट चलाया, जिससे आज स्थिति इतनी भयावह हो गई है।